कानपुर : कन्या वंदन समारोह में 600 कन्याओं का पूजन , बालकों ने दिया नारी सम्मान का संदेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के वीरेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दूसरे दिन कन्या वंदन समारोह हुआ। शहर के करीब 30 विद्यालयों से 1500 बच्चों को आमंत्रित किया गया था। इनमें 600 बालिकाओं का पूजन कर सम्मान किया गया। खास बात रही कि प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं का पूजन उन्हीं विद्यालयों के छात्र बालकों ने किया। आयोजन के जरिए बेटियों के सम्मान, समानता और महिला सुरक्षा का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. संगीता सामंत ने कहा कि बेटियों का सम्मान परिवार और समाज की सोच का हिस्सा बनना चाहिए। बचपन से महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने से सुरक्षित समाज बनेगा। बालिकाओं को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने को प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. मंजुला राजस जोशी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ घटनाएं रोकने के लिए समाज के हर व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवार, विद्यालय और सामाजिक संस्थाओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ानी चाहिए। बेटियों को आत्मविश्वास से अपने निर्णय लेने में सक्षम बनाना जरूरी है।
मुख्य वक्ता डॉ. विष्णुशंकर ने कहा कि कन्या वंदन जैसे आयोजन समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। बेटियों को सम्मान के साथ शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर देना आवश्यक है। महिलाओं के खिलाफ भेदभाव और अपराध रोकने में सभी की सहभागिता जरूरी है। अध्यक्षता कर रहीं डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि बालिकाओं में शिक्षा के साथ आत्मसम्मान और आत्मविश्वास विकसित करना चाहिए, ताकि वे चुनौतियों का सामना कर सकें। संयोजक प्रकाश शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में समानता और नारी सम्मान के संस्कार विकसित होते हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सकारात्मक सामाजिक वातावरण जरूरी है।
कार्यक्रम के प्रमुख सर्वव्यवस्था बृजमोहन सिंह ने बताया कि 30 विद्यालयों के 1500 बच्चों को आमंत्रित किया गया था और 600 बालिकाओं का पूजन हुआ। प्राथमिक विद्यालयों के बालकों द्वारा छात्राओं का पूजन कराना आयोजन की विशेष पहल रही।
------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप