Live VNS

कायाकल्प अभियान के कार्यों में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश

कायाकल्प अभियान के कार्यों में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुपौल, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले में कायाकल्प अभियान के तहत संचालित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गति देने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी भवनों एवं संस्थानों में कराए जा रहे रंग-रोगन, मरम्मति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कायाकल्प अभियान के तहत निर्धारित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण एवं मरम्मति कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया, ताकि सरकारी भवनों एवं संस्थानों की स्थिति बेहतर हो सके और वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं में सुधार हो।

बैठक में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, निदेशक एनईपी, डीआरडीए अनित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार कर्ण सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…