Live VNS

स्वनिधि से समृद्धि योजना में काशी का देश में दूसरा स्थान, दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान

स्वनिधि से समृद्धि योजना में काशी का देश में दूसरा स्थान, दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान

BK Pathak ·

10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में वाराणसी ने हासिल की उपलब्धि, 67,747 पटरी व्यवसायियों को मिला पहला ऋण; 3.17 लाख से अधिक सरकारी योजनाओं से जुड़े

वाराणसी। पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के मामले में काशी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वनिधि से समृद्धि अभियान के तहत 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में वाराणसी को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में शहर को पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यह सम्मान प्रदान किया।

समारोह में वाराणसी के निवर्तमान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और डूडा की परियोजना अधिकारी निधि वाजपेई ने प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। नगर निगम के अनुसार, योजना की लगातार समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण से इसके क्रियान्वयन में तेजी आई। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे नगर निगम, डूडा और पथ विक्रेताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

तीन लाख से अधिक सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थी

पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और पटरी व्यवसायियों के परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में वाराणसी ने उल्लेखनीय काम किया है। नगर निगम और डूडा की टीम ने लगातार शिविर लगाकर 61,219 वेंडर्स और उनके परिवार के 1,88,352 सदस्यों की प्रोफाइलिंग की। इसके आधार पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में कुल 3,17,401 लिंकेज सुनिश्चित किए गए। वहीं, 60,393 पटरी व्यवसायियों को क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल लेन-देन से जोड़ा गया।

67,747 वेंडर्स को मिला प्रथम ऋण

योजना के तहत वाराणसी में अब तक 67,747 पटरी व्यवसायियों को प्रथम ऋण, 29,697 को द्वितीय ऋण और 5,953 को तृतीय ऋण वितरित किया गया है। तृतीय ऋण पूरा करने वाले 2,305 वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन प्रयासों से छोटे कारोबारियों को आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने और डिजिटल भुगतान अपनाने में मदद मिली है।

यूपी को मिले कुल आठ राष्ट्रीय पुरस्कार

राष्ट्रीय समारोह में उत्तर प्रदेश को कुल आठ पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर 'स्वनिधि से समृद्धि' अभियान में प्रदेश को प्रथम रैंक, ओवरऑल प्रदर्शन में द्वितीय और विशेष अभियान में द्वितीय स्थान मिला। सूडा के निदेशक डॉ. राजा गणपति आर. ने केंद्रीय मंत्री से राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त किया। नगर निकाय स्तर पर वाराणसी के अलावा प्रयागराज, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि यह सम्मान अधिकारियों, कर्मचारियों और मेहनतकश पटरी व्यवसायियों के सामूहिक प्रयासों की जीत है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के मुताबिक, पात्र वेंडर्स और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने तथा ऋण वितरण को गति देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। डूडा की परियोजना अधिकारी निधि वाजपेई ने इसे हजारों पथ विक्रेताओं की मेहनत और नगर निगम-डूडा के समन्वय का परिणाम बताया।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…