Live VNS

काशी तमिल संगमम-5.0 : कन्याकुमारी से 200 प्रतिनिधियों का दल शुक्रवार को पहुंचेगा वाराणसी, उपराष्ट्रपति 28 को करेंगे शुभारंभ

काशी तमिल संगमम-5.0 : कन्याकुमारी से 200 प्रतिनिधियों का दल शुक्रवार को पहुंचेगा वाराणसी, उपराष्ट्रपति 28 को करेंगे शुभारंभ

BK Pathak ·

वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को नई मजबूती देने वाले काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 नवंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन में दक्षिण भारत से आने वाले प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। बुधवार को कन्याकुमारी से करीब 200 प्रतिनिधियों को लेकर पहली स्पेशल ट्रेन बनारस के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन शुक्रवार 27 नवंबर की रात आठ बजे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। 28 नवंबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे।

काशी तमिल संगमम के लिए रेलवे की ओर से नौ दिसंबर तक कुल सात विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के माध्यम से कन्याकुमारी, चेन्नई और कोयंबटूर सहित दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों से प्रतिनिधि काशी पहुंचेंगे। खास बात यह है कि सभी विशेष ट्रेनों का आवागमन बनारस रेलवे स्टेशन से ही होगा। इससे संगमम में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

काशी तमिल संगमम का आयोजन आईआईटी मद्रास और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक और सभ्यतागत संबंधों को सामने लाने के साथ दोनों क्षेत्रों के बीच संवाद एवं आपसी समझ को बढ़ावा दिया जाएगा। आयोजन को लेकर बीएचयू सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर तैयारियां चल रही हैं। दक्षिण भारत से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत और उनके कार्यक्रमों को लेकर भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इन तारीखों में चलेंगी विशेष ट्रेनें

• 25 नवंबर: ट्रेन संख्या 06041 कन्याकुमारी से रवाना होकर 27 नवंबर को रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी।

• 28 नवंबर: ट्रेन संख्या 06043 चेन्नई सेंट्रल से सुबह 4:15 बजे रवाना होकर 29 नवंबर को रात नौ बजे बनारस पहुंचेगी।

• 29 नवंबर: ट्रेन संख्या 06047 कोयंबटूर से शाम छह बजे चलकर एक दिसंबर को रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी।

• 1 दिसंबर: ट्रेन संख्या 06042 बनारस से रात 10:30 बजे रवाना होकर चार दिसंबर को सुबह 4:45 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी।

• 2 दिसंबर: ट्रेन संख्या 06049 चेन्नई सेंट्रल से सुबह 4:15 बजे चलकर तीन दिसंबर को रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी।

• 3 दिसंबर: ट्रेन संख्या 06051 दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर पांच दिसंबर को रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी।

• 5 दिसंबर: ट्रेन संख्या 06053 कोयंबटूर से शाम छह बजे चलकर सात दिसंबर को रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी।

• 9 दिसंबर: ट्रेन संख्या 06052 बनारस से रात 10:30 बजे रवाना होकर 11 दिसंबर को सुबह 6:30 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…