काशी-तमिल संगमम 5.0 : वाराणसी पहुंचा तमिलनाडु का छात्र प्रतिनिधि समूह, स्टेशन पर डमरुओं के निनाद और पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत

वाराणसी। काशी तमिल संगमम के तहत तमिलनाडु से आए प्रथम छात्र प्रतिनिधि समूह का शुक्रवार की रात काशी में भव्य स्वागत किया गया। छात्र प्रतिनिधियों का भारतीय जनता पार्टी महानगर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता की झलक देखने को मिली।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का संबंध सदियों पुराना है। दोनों क्षेत्रों के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने में काशी तमिल संगमम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने वाला यह आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु से आए युवा छात्रों का काशी में स्वागत करना गौरव का विषय है। ये युवा सांस्कृतिक एकता और राष्ट्र निर्माण के सच्चे संवाहक हैं।
महानगर महामंत्री अजय गुप्ता के संयोजन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। संगठन की ओर से तय व्यवस्था के अनुसार, स्वागत करने वाली यही टीम एक दिसंबर को छात्र प्रतिनिधि समूह की काशी से रवानगी के समय उनकी ससम्मान विदाई भी करेगी।
इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पांडेय, सत्येंद्र सिंह, जगन्नाथ ओझा, अमित खरे, शोभनाथ मौर्य, हीरा यादव, मनोज भृगुवंशी, दीपक सेठ, सिंधु सोनकर, राजेंद्र शंकर सिंह पटेल, विनय सिंह और अवनीश श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।