काशी-तमिल संगमम 5.0: सात विशेष ट्रेनों से काशी आएंगे मेहमान, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

वाराणसी। काशी तमिल संगमम 5.0 में तमिलनाडु से आने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों के स्वागत के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार सात विशेष ट्रेनों से मेहमान काशी पहुंचेंगे। उनके स्वागत, आवागमन, ठहरने, खानपान, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अतिथियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शनिवार को मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी कर ली जाएं। अतिथियों के आगमन से लेकर उनके ठहरने और कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचने की व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में विभिन्न समितियों और अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई। इस दौरान सामने आई चुनौतियों को चिह्नित कर उनके समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सा शिविर लगाने और स्वास्थ्य टीम गठित करने के साथ जरूरी दवाओं की व्यवस्था करने को कहा गया।
स्टेशन पर पारंपरिक तरीके से होगा स्वागत
तमिलनाडु से काशी आने वाले अतिथियों के स्वागत के लिए सात विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें चेन्नई, कोयंबटूर और कन्याकुमारी से संचालित होंगी। बनारस स्टेशन पर काशी की परंपरा के अनुरूप अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। रेलवे की ओर से कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन संख्या 06041 को 25 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे रवाना किया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 06043 चेन्नई सेंट्रल से 28 नवंबर को चलेगी।
अस्सी घाट पर बच्चों ने बनाई आकर्षक रंगोली
काशी तमिल संगमम 5.0 के आयोजन से पहले सांस्कृतिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। शनिवार को अस्सी घाट पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को उकेरा। बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और आर्य महिला पीजी कॉलेज के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों और संदेशों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। घाट पर रंगोलियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक पहुंचे। लोगों ने बच्चों की कलात्मकता की सराहना की।