काशी में बनेगा देश के जलमार्गों का शोकेस सेंटर, गंगा से ब्रह्मपुत्र तक दिखेगी आधुनिक तकनीक, इनलैंड वाटरवेज पॉवेलियन के रूप में विकसित होगा केंद्र

वाराणसी। काशी में देश के अंतर्देशीय जल परिवहन की विकास यात्रा और आधुनिक तकनीक को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष केंद्र विकसित किया जाएगा। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) की ओर से वाराणसी में इनलैंड वाटरवेज पॉवेलियन बनाया जाएगा। यह जल परिवहन का शोकेस सेंटर होगा, जहां देश के नदी मार्गों का इतिहास, पारंपरिक नौकाओं से लेकर आधुनिक जहाजों तक के सफर और जलमार्गों के विकास से जुड़ी तकनीक प्रदर्शित की जाएगी।
इस केंद्र का उद्देश्य देश की नदी परिवहन विरासत को प्रदर्शित करने के साथ ही जलमार्गों के विकास और भविष्य की संभावनाओं से लोगों को परिचित कराना है। यहां गंगा, ब्रह्मपुत्र और अन्य प्रमुख नदियों से जुड़े जल परिवहन की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही नदियों के जरिए होने वाले माल ढुलाई और क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने की तकनीक भी प्रदर्शित की जाएगी।
आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों के अनुसार, केंद्र में जल परिवहन की ऐतिहासिक यात्रा से लेकर आधुनिक नेविगेशन तकनीक तक की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। इसका एक हिस्सा जलमार्गों के विकास, पर्यटन और माल परिवहन की संभावनाओं को प्रदर्शित करने पर केंद्रित होगा।आईडब्ल्यूएआई के निदेशक संजीव शर्मा ने बताया कि अभी इस विशेष प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है। इसके लिए आवश्यक तैयारी की जा रही है। मंत्रालय से डीपीआर पर मुहर लगने के बाद इसे स्थापित किया जाएगा।