Live VNS

अस्सी घाट पर रंगों से उकेरी गई काशी की विरासत, ‘खुशी की उड़ान’ के देवोत्सव ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

अस्सी घाट पर रंगों से उकेरी गई काशी की विरासत, ‘खुशी की उड़ान’ के देवोत्सव ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

BK Pathak ·

दीपों के बीच सजी आकर्षक रंगोलियों में दिखी शिवनगरी की आध्यात्मिक पहचान और नए काशी की तस्वीर

आंखों पर पट्टी बांधकर भगवान गणेश की प्रतिमा बनाने वाले कलाकार रहे विशेष आकर्षण

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के घाटों की दिव्यता में दीपों के साथ रंगों की खूबसूरती भी चार चांद लगा रही है। गंगा के तट पर लाखों दीपों की रोशनी के बीच अस्सी घाट पर काशी की संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली विरासत को रंगोलियों के माध्यम से जीवंत किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘खुशी की उड़ान ट्रस्ट’ की ओर से जय मां गंगा सेवा समिति के सहयोग से भव्य दीप प्रज्वलन एवं रंगोली कार्यक्रम ‘देवोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में देश की प्राचीन सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक काशी की मनोहारी तस्वीर भी देखने को मिल रही है।

देवोत्सव की रंगोलियों में भगवान शिव की महिमा, गंगा घाटों की भव्यता, काशी की आध्यात्मिक परंपरा और धार्मिक विरासत को आकर्षक रंगों के माध्यम से उकेरा जा रहा है। कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर से ऐसी कलाकृतियां तैयार की हैं, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दीपों से जगमगाते घाटों के बीच रंगोलियों की सुंदरता काशी के सांस्कृतिक वैभव को एक अलग पहचान दे रही है।

इस वर्ष के आयोजन का विशेष आकर्षण श्री विजय मूर्तिकार रहे, जिन्होंने आंखों पर पट्टी बांधकर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा का निर्माण किया। उनकी इस अनूठी कला और एकाग्रता ने उपस्थित लोगों को खासा प्रभावित किया। आयोजन के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्था की संस्थापिका अधिवक्ता सारिका दुबे ने कहा कि देव दीपावली काशी की आत्मा से जुड़ा पर्व है। देवोत्सव के माध्यम से संस्था का प्रयास है कि काशी की प्राचीन संस्कृति, कला और आध्यात्मिक महिमा को रंगों एवं दीपों के जरिए देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाए। यह आयोजन केवल दीप प्रज्वलन और रंगोली तक सीमित नहीं है, बल्कि काशी की गौरवशाली विरासत को जीवंत करने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करने का एक प्रयास है।

रंगोली निर्माण में बालाघाट, मध्यप्रदेश से आईं तथा वाराणसी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स की छात्राएं आंचल चौधरी, निहारिका प्रधान, श्रुति, प्रगति और शुभोनिता विशेष योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम के समापन पर रंगोली कलाकारों एवं प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में संस्था के कोषाध्यक्ष चितेश्वर सेठ, डिजिटल हेड विशाल, कृतिका दुबे, आदित्य जायसवाल, आहिल खान, माहिर, किशन, स्वीटी, रेखा, प्रेमलता, प्रिंस सहित अन्य सदस्य और सहयोगी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…