कटिहार की नन्ही 'वंदना' को मिला हैदराबाद का आशियाना, 'तारा सरवनन' नाम से मिली नई पहचान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कटिहार, 23 नवंबर (हि.स.)। विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, कटिहार में आवासित नन्ही बालिका 'वंदना' (काल्पनिक नाम) को सोमवार को नया परिवार और नई पहचान मिल गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई पूरी करने के बाद दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 के प्रावधानों के तहत बच्ची को हैदराबाद (तेलंगाना) निवासी दंपती सरवनन बी. एवं अनिता श्रीजी को विधिवत गोद (दत्तक ग्रहण) देने का आदेश पारित किया।
आदेश पारित होने के पश्चात दत्तक ग्राही माता-पिता के अनुरोध पर बच्ची का नया नामकरण 'तारा सरवनन' किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही बालिका को जैविक संतान के रूप में मिलने वाले सभी अधिकार प्राप्त हो गए हैं। नन्ही बच्ची को अपनी गोद में पाकर दत्तक ग्राही दंपती बेहद भावुक और प्रफुल्लित नजर आए। जिलाधिकारी ने दंपती को शुभकामनाएं देते हुए बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दत्तक ग्रहण संस्थान और इसकी कानूनी प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे परित्यक्त बच्चों को समय पर सुरक्षित संरक्षण में लेकर विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, कटिहार में आवासित कराया जा सकेगा, जिससे केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) के माध्यम से संतान की प्रतीक्षा कर रहे दंपतियों की सूनी गोद भरी जा सके। उन्होंने सभी हितधारकों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। दत्तक ग्रहण आदेश पारित किए जाने के समय उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह