Live VNS

कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर रेलवे का मेगा मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, 146 बेटिकट यात्री धराए; दो भेजे गए जेल

कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर रेलवे का मेगा मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, 146 बेटिकट यात्री धराए; दो भेजे गए जेल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कटिहार, 22 नवंबर (हि.स.)। कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मेगा मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया। कटिहार रेलमंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अनूप कुमार सिंह एवं रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान फारबिसगंज स्टेशन पर दर्जनों मेल, एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों में सघन जांच की गई, जिसमें कुल 146 बेटिकट व अनियमित यात्री पकड़े गए।

पकड़े गए सभी यात्रियों को फारबिसगंज स्टेशन पर ही लगाए गए कैंप कोर्ट में पेश किया गया। रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव सिंह ने रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पहले अपराध के लिए हिदायत दी और सभी पर आर्थिक दंड लगाया। इस दौरान यात्रियों से कुल 88,090 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि जुर्माना नहीं चुकाने वाले दो यात्रियों को जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव सिंह इससे पूर्व राजधानी एक्सप्रेस एवं अरुणाचल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी औचक जांच अभियान चलाकर रिकॉर्ड कायम कर चुके हैं।

वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा करना रेल अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, जिसमें जुर्माने के साथ जेल भी जाना पड़ सकता है। यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक अभियान जारी रहेंगे। इस सफल अभियान में रेल अधिकारी, वाणिज्य कर्मी और सुरक्षा जवानों सहित कुल 60 सदस्य शामिल थे, जबकि न्यायालय की ओर से पेशकार कुलदीप सिन्हा, नवीन कुमार, आदित्य नंदन, प्रिंस कुमार और शशि कुमार आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…