दो अलग-अलग जगहों से 83.64 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कटिहार, 22 नवंबर (हि.स.)। मद्यनिषेध अभियान के तहत बलिया बेलौन थाना पुलिस ने रविवार को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाकर कुल 83.64 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त एक टेंपू और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पहली कार्रवाई मिणापुर चौक के समीप की गई। थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टेंपू से अवैध विदेशी शराब की खेप लेकर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस बल ने मिणापुर चौक पर वाहन जांच शुरू की। पुलिस को देख टेंपू सवार भागने का प्रयास करने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान टेंपू से 47.64 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगढ़ा निवासी मो. सोनू (28 वर्ष, पिता- मो. कुदुस) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के साथ टेंपू को जब्त कर लिया है।
दूसरी कार्रवाई कुशहा मोड़ के पास हुई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे दो युवकों को दबोचा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 36 लीटर देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के कुरुम सबनपुर निवासी मो. जाहीद (32 वर्ष, पिता- मो. शाहीद) तथा कुरुम निवासी मो. अशफाक उर्फ पधेश कव्वाल (45 वर्ष, पिता- स्व. अब्दुल वाहीद) के रूप में की गई है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह