सपा का चुनावी घोषणापत्र झूठ और छलावे का ‘ढकोसला पत्र’ : केशव प्रसाद मौर्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणा को झूठ और छलावे का ‘ढकोसला पत्र' कहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को कहा कि सपा का चुनावी घोषणा पत्र कोई चुनावी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि झूठ और छलावे का ‘ढकोसला पत्र’ है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में रहते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सुशासन, विकास और कानून-व्यवस्था की कोई सुध नहीं ली, अब सत्ता-वियोग में वादों के पहाड़ खड़े करने का नाटक कर रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी की जनता यह कतई नहीं भूली है कि सपा शासन का मतलब ही था गुंडाराज और अपराधियों का संरक्षण। अब आगे उससे सुरक्षा और सुशासन की उम्मीद करना बेकार है। अखिलेश, सत्ता-वियोग में इतने भी विचलित मत हो जाइए कि झूठे वादों की दुकान खोलना पड़े। यूपी की जनता आपका और आपकी सरकारों का काला इतिहास भली-भांति जानती है। 2027 में साइकिल पंचर होगी, सुशासन, विकास और सुरक्षा का कमल ही कमल खिलेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन