खजूरी में प्रधान चुनाव के बाद उप प्रधान चुनाव पर भी घमासान, विधायक और एसपी में तीखी नोकझोंक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भीलवाड़ा, 28 नवंबर (हि.स.)।
भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र की खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान शुरू हुआ राजनीतिक विवाद दूसरे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव के दौरान कांग्रेस सदस्यों को मतदान से रोकने, प्रत्याशियों की बस में तोड़फोड़ और हाईवे जाम करने के आरोपों के बाद शनिवार को जांच करने पहुंचे भीलवाड़ा एसपी के सामने भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान विधायक पर गाली-गलौज करने, पुलिस अधिकारियों को सीआर उठाकर ले जाने की बात कहने और कार्यकर्ताओं को हाईवे जाम करने के लिए कहने के आरोप भी सामने आए हैं। लगातार दो दिन से जारी घटनाक्रम ने खजूरी पंचायत समिति के चुनाव को जिले की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बना दिया है।
इधर, प्रधान पद के चुनाव के बाद अब उप प्रधान पद को लेकर भी राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। कांग्रेस से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य मनीषा मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उप प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। भाजपा ने उन्हें समर्थन देने का निर्णय किया है। ऐसे में उप प्रधान चुनाव को लेकर भी दोनों दलों के बीच राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है।
शुक्रवार को खजूरी पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब कांग्रेस सदस्यों को लेकर पहुंची बस को लेकर हंगामा हुआ। कांग्रेस पक्ष का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने बस को रोककर फावड़े, सरियों, लकड़ियों और ईंट-पत्थरों से हमला किया तथा बस के शीशे तोड़ दिए। आरोप यह भी है कि इस घटनाक्रम के कारण कांग्रेस के 10 निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य निर्धारित समय में मतदान नहीं कर पाए।
घटना के बाद खजूरी-मांडलगढ़ मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया गया। शुरुआत में बाबूलाल मीणा के समर्थकों की ओर से हंगामा और तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई। शाम करीब साढ़े पांच बजे प्रदर्शनकारी लौट गए, लेकिन इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।
शुक्रवार रात करीब 11 बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और जहाजपुर के पूर्व विधायक धीरज गुर्जर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मौके पर भीलवाड़ा एएसपी राजेश आर्य और शाहपुरा एएसपी अंजूल कायम भी पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।
देर रात करीब दो बजे कांग्रेस की प्रधान पद प्रत्याशी मीरा देवी मीणा ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद धरने पर बैठे कार्यकर्ता हटे और सदस्यों को वापस ले जाया गया। इसके साथ ही देर रात तक चला प्रदर्शन समाप्त हुआ।
मीरा देवी मीणा की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि स्थानीय विधायक गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में भाजपा समर्थक शिवराज मीणा, बाबूलाल मीणा, छगन मीणा, रामकुंवार मीणा, राजेश मीणा, महेंद्र मीणा, श्यामलाल मीणा, महेंद्र मीणा बैई, संतरा देवी सहित करीब 150 लोगों ने हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपितों ने फावड़े, सरिए, लकड़ियों और ईंट-पत्थरों से बस पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। साथ ही सदस्यों को निर्धारित समय तक मतदान नहीं करने दिया।
ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शुक्रवार की घटना के बाद शनिवार को भीलवाड़ा एसपी मामले की जांच के लिए खजूरी पहुंचे। इसी दौरान जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा और एसपी के बीच तीखी बहस हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, विधायक ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने सीआर को उठाकर ले जाने की बात भी कही और कार्यकर्ताओं से हाईवे जाम करने के लिए कहा।
इस घटनाक्रम के बाद खजूरी में एक बार फिर राजनीतिक तनाव की स्थिति बन गई। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रधान चुनाव के दौरान भी विधायक गोपीचंद मीणा विरोध-प्रदर्शन में शामिल थे। लगातार दो दिन तक हुए घटनाक्रम के कारण पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, विधायक की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने बयान जारी कर खजूरी की घटना को सत्ता के दुरुपयोग और प्रशासनिक मिलीभगत का मामला बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही शपथ-पत्र और वीडियो साक्ष्य प्रशासन को सौंपकर संभावित हिंसा की आशंका जताई थी। इसके बावजूद जिला कलेक्टर और एसपी स्तर पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
गुर्जर ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा ने कांग्रेस सदस्यों की बस का रास्ता रोका और उनके समर्थकों ने हथियारों तथा पत्थरों से हमला किया। इसके कारण कांग्रेस के 10 विजयी सदस्य मतदान से वंचित रह गए। उन्होंने इसे जनादेश का अपहरण और संवैधानिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए निर्वाचन आयोग से चुनाव निरस्त कर निष्पक्ष पुनर्मतदान कराने की मांग की।
उन्होंने शक्करगढ़ थानाधिकारी को तत्काल हटाने और जहाजपुर डिप्टी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। गुर्जर ने कहा कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष सड़क से सदन और न्यायालय तक जारी रहेगा।
प्रधान चुनाव के विवाद के बीच अब खजूरी पंचायत समिति में उप प्रधान पद को लेकर भी नया राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस से निर्वाचित सदस्य मनीषा मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। भाजपा ने उन्हें समर्थन देने की घोषणा की है।
इससे उप प्रधान पद का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। प्रधान पद के चुनाव में हुए विवाद के बाद अब उप प्रधान चुनाव में राजनीतिक दलों की रणनीति और सदस्यों की भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद