खरगोन: शादी की खरीदारी कर लौट रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, ट्रॉले से टकराई कार, जनवरी में होनी थी शादी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
खरगोन, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई। दोनों शादी की खरीदारी कर धामनोद से अपने गांव करोंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान धामनोद-बड़वाह मार्ग पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा शुक्रवार सुबह धामनोद-बड़वाह मार्ग पर हुआ। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे में स्वाती पाटीदार (45) और उनके बेटे मोनेश पाटीदार (25) की माैत हाे गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वाती को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोनेश कार में बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
26 जनवरी 2027 को होनी थी मोनेश की शादी
मोनेश पाटीदार ने एमबीए की पढ़ाई की थी। उसकी शादी अगले साल 26 जनवरी को मंडलेश्वर में तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को वह अपनी मां स्वाती के साथ खरीदारी करने धामनोद गया था। दोनों खरीदारी के बाद कार से अपने गांव करोंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान होटल सनातन और हरसिद्धि रेस्टोरेंट के बीच उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
पिता के निधन के बाद मां-बेटा ही थे एक-दूसरे का सहारा
परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका था। मोनेश के पिता महेंद्र पाटीदार बोस का वर्ष 2019-20 में निधन हो गया था। वे उमिया माता मंदिर के सचिव थे। पिता के निधन के बाद परिवार में स्वाती और उनका इकलौता बेटा मोनेश ही एक-दूसरे का सहारा थे। हादसे में दोनों की मौत की खबर से करोंदिया गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक छा गया।
ट्रॉला चालक मौके से फरार, पुलिस कर रही तलाश
मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर राकेश सिसोदिया ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ट्रॉले को जब्त कर थाने लाया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टर बोले- अस्पताल पहुंचने पर दोनों की पल्स नहीं चल रही थी
कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्णा दुबे के मुताबिक, हादसे के बाद दोनों को अस्पताल लाया गया था। स्वाती पाटीदार को सुबह 11:45 बजे अस्पताल पहुंचाया गया। जांच में उनकी पल्स नहीं चल रही थी। ईसीजी से पुष्टि के बाद उन्हें मृत घोषित किया गया।
वहीं, मोनेश को भी कई गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था। उनकी पल्स नहीं चल रही थी और जांच में आंखों की पुतलियां फैली हुई थीं। चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने इस दुखद घटना के बाद फिलहाल बातचीत करने से इनकार कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे