खोले के हनुमानजी मंदिर में लक्खी अन्नकूट महोत्सव 29 नवंबर को

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली बाईपास स्थित श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में 29 नवंबर को 66वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंग, सियारामजी, हनुमानजी, मां गायत्री, वैष्णो माता और अन्नपूर्णा माता सहित मंदिर परिसर के सभी देवालयों में अन्नकूट एवं छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से रात 11 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। आयोजन में करीब पांच हजार कार्यकर्ता और स्वयंसेवक व्यवस्थाएं संभालेंगे।
श्री नरवर आश्रम सेवा समिति (श्री खोले के हनुमानजी प्रन्यास) के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि इस लक्खी अन्नकूट महोत्सव में जाति-पाति, छोटे-बड़े, अधिकारी-कर्मचारी और राजनेता सभी एक ही पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण करते हैं। पिछले वर्ष करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की थी। वर्ष 2017 में सीमित समय में 1.25 लाख श्रद्धालुओं द्वारा अनुशासित तरीके से प्रसादी ग्रहण करने का कीर्तिमान गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था। सर्वसमाज की सहभागिता और सामाजिक समरसता के कारण यह आयोजन जयपुर ही नहीं, पूरे राजस्थान में विशेष पहचान रखता है।
उन्होंने बताया कि मंदिर की परंपरागत झांकियों के साथ इस बार केदारनाथ की बर्फ की झांकी विशेष आकर्षण होगी। मुख्य संयोजक ओमजी रावत ने बताया कि करीब 65 वर्ष पूर्व मात्र ढाई किलो अन्न से शुरू हुआ अन्नकूट महोत्सव आज लक्खी आयोजन का रूप ले चुका है। इस बार प्रसादी में मूंग, चौला, बाजरा, चावल, गड़मढ़ सब्जी, कढ़ी, हलवा और भुजिया सहित विभिन्न व्यंजन शामिल होंगे। प्रसादी तैयार करने के लिए 61 भट्टियों और 22 चूल्हों की व्यवस्था की गई है। शनिवार शाम से प्रसादी बनाने का काम शुरू होकर रविवार देर रात तक चलेगा। वहीं, छप्पन भोग की तैयारी बुधवार से ही शुरू कर दी गई है।
सबसे पहले अन्नकूट और छप्पन भोग का प्रसाद लक्ष्मण डूंगरी के शिखर पर विराजमान श्रीरामजी-हनुमानजी सहित परिसर के सभी देवालयों में अर्पित किया जाएगा। रविवार को खोले के हनुमानजी की फल-सब्जियों की झांकी, श्री आनंदेश्वर महादेव की अन्न झांकी, सियारामजी महाराज की छप्पन भोग झांकी और श्री गणेशजी की लड्डुओं की झांकी सजाई जाएगी। अन्नपूर्णा माता मंदिर में विभिन्न व्यंजनों की झांकी तथा अन्नकूट स्थल पर शिव परिवार की बर्फ की झांकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर परिसर के अन्य देवालयों में भी विशेष झांकियां सजाई जाएंगी। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र के 61 मंदिरों में भी प्रसादी का भोग लगाया जाएगा।
ब्रह्मलीन पंडित राधेलाल चौबे की प्रेरणा से मंदिर परिसर के पास स्थित हड्डीशाह बाबा की मजार पर भी छप्पन भोग और अन्नकूट प्रसादी अर्पित की जाएगी तथा चादर चढ़ाई जाएगी। इस तरह आयोजन में धार्मिक सद्भाव और सर्वसमाज की सहभागिता की परंपरा को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रचार मंत्री द्वारका प्रसाद सोढ़ानी ने बताया कि श्रद्धालुओं को गर्म और ताजा प्रसादी उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रसादी वितरण के लिए 13 अलग-अलग खंड बनाए गए हैं। यहां विभिन्न संगठनों के सहयोग से सैकड़ों स्वयंसेवक सेवा देंगे। पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं में करीब पांच हजार कार्यकर्ता और श्रद्धालु सहयोग करेंगे। मंदिर परिसर को सजाने-संवारने के साथ आकर्षक रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है।
समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि 29 नवंबर को सुबह हनुमानजी महाराज के अभिषेक, चोला धारण, श्रृंगार, छप्पन भोग और फल-सब्जियों की झांकी के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। सुबह 9 से 10 बजे तक वेद विद्यालय के विद्यार्थी वेद मंत्रों का उच्चारण करेंगे। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक शिव सत्संग मंडल की ओर से हरिनाम संकीर्तन होगा। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक सुंदर बैंड की ओर से बैंड वादन किया जाएगा। सुबह 11:30 बजे जयपुर के संत-महंतों की उपस्थिति में हनुमानजी के अन्नकूट भोग की सामूहिक आरती होगी। इसके बाद समिति की ओर से संत-महंतों का सम्मान किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे से रात 11 बजे तक लगातार पंगत प्रसादी वितरित की जाएगी। दोपहर 1 से 3 बजे तक श्याम ज्योति भजन संध्या होगी। दोपहर 3 से 5 बजे तक श्री गुरुकृपा जागरण मंडल की ओर से भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम 5 से 7 बजे तक पीआर स्वामी तथा शाम 7 से 9 बजे तक मोहन बालोदिया और अन्य कलाकार राम मंदिर में भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
अन्नकूट स्थल पर सवाई मानसिंह अस्पताल और महात्मा गांधी अस्पताल की चिकित्सकीय टीमें तथा श्री नरवर आयुर्वेद औषधालय की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाइयों का वितरण किया जाएगा। नगर निगम की ओर से दिल्ली बाईपास से मंदिर तक पूरे मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन से विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया गया है। प्रसादी स्थल और रास्ते में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश