Live VNS

किशनगंज की बांस की डलिया का विदेशों तक जलवा, हाथों से हुनर गढ़ रहे 500 से अधिक कारीगर

किशनगंज की बांस की डलिया का विदेशों तक जलवा, हाथों से हुनर गढ़ रहे 500 से अधिक कारीगर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

किशनगंज, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी के बीच खगड़ा स्टेडियम रोड पर बांस की टोकरी, सूप और डलिया बनाने वाले कारीगरों की अस्थायी बस्ती बस गई है। यहां सुबह से देर रात तक बांस की पट्टियां चीरने और उन्हें आकार देने का काम चल रहा है। खास बात यह है कि किशनगंज में तैयार होने वाली ये टोकरियां केवल बिहार और देश के दूसरे राज्यों तक ही नहीं, बल्कि नेपाल, बांग्लादेश और अमेरिका, दुबई व रूस जैसे देशों तक भी पहुंचती हैं।

छठ महापर्व सैकड़ों कारीगर परिवारों के लिए आस्था के साथ रोजगार का बड़ा जरिया बन गया है। खगड़ा स्टेडियम रोड पर इस बार 500 से अधिक कारीगर टोकरी बनाने में जुटे हैं। इनमें बिहार के विभिन्न जिलों से आए कारीगर शामिल हैं। कई परिवार पिछले 20 से 25 वर्षों से दुर्गा पूजा के बाद यहां पहुंचते हैं और छठ तक लगातार काम करते हैं। कारीगरों के अनुसार, अब तक करीब पांच लाख से अधिक टोकरियां तैयार की जा चुकी हैं। व्यापारी यहां पहुंचकर थोक में खरीदारी करते हैं और फिर देश-विदेश के बाजारों तक माल भेजते हैं।

कारीगर सुरेश महतो बताते हैं कि वे पिछले 15-20 वर्षों से यहां आकर टोकरी बना रहे हैं। इस बार कारोबार कुछ मंदा है, लेकिन उनके समूह में करीब 150 लोग काम कर रहे हैं और प्रतिदिन लगभग दो हजार टोकरियां तैयार की जा रही हैं। असम से ट्रकों के जरिए बांस मंगाया जाता है। छोटी टोकरी 150 से 200 रुपये और बड़ी टोकरी 200 से 300 रुपये तक बिक रही है। वहीं बिनोद कुमार के अनुसार, उनके समूह में करीब 110 कारीगर प्रतिदिन 1500 टोकरियां तैयार करते हैं। यहां का माल दिल्ली, पटना, छपरा समेत कई शहरों में जाता है। विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवारों तक भी इसकी पहुंच है।

कारीगर नागेश्वर महतो ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि आज देश-विदेश में बड़े-बड़े इंजीनियर और आधुनिक मशीनें हैं, लेकिन बांस को चीरकर पतली पट्टियां बनाने के लिए अब तक कोई उपयुक्त मशीन नहीं बन पाई है। उन्हें यह काम हाथों से करना पड़ता है, जिससे कई बार हाथ कट जाते हैं। उन्होंने सरकार और इंजीनियरों से ऐसी मशीन विकसित करने की मांग की, जिससे कारीगरों की मेहनत कम हो और काम सुरक्षित तरीके से हो सके। छठ पर्व समाप्त होते ही ये कारीगर अपने गांव लौट जाएंगे। अगले साल दुर्गा पूजा के बाद फिर यही जगह उनकी अस्थायी कार्यशाला बन जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…