Live VNS

कोरबा प्रेस क्लब ने उदय चौधरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से की शिकायत, निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग

कोरबा प्रेस क्लब ने उदय चौधरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से की शिकायत, निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोरबा, 12 नवंबर (हि. स.)। कोरबा प्रेस क्लब ने गुरुवार को उदय चौधरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। प्रेस क्लब ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उदय चौधरी स्वयं को पत्रकार के रूप में प्रस्तुत कर भ्रामक, अपुष्ट और तथ्यहीन समाचार प्रसारित कर रहे हैं। क्लब ने इन गतिविधियों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान और सचिव दिनेश राज ने कहा कि प्रकाशित समाचारों की तथ्यात्मकता, संबंधित पक्षों का पक्ष जाने बिना लगाए गए आरोपों और किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री की जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से आम नागरिकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है और निष्पक्ष पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

शिकायत पत्र में मांग की गई है कि उदय चौधरी की वास्तविक पहचान और उनकी संबंधित गतिविधियों की नियमानुसार जांच कराई जाए। साथ ही प्रकाशित सामग्री की तथ्यात्मकता की पड़ताल करने और साइबर सेल के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कराने की कार्रवाई की जाए। प्रेस क्लब ने कहा है कि यदि जांच में जानबूझकर संस्था को बदनाम करने, झूठे आरोप लगाने, पहचान का दुरुपयोग करने, धमकाने या अनुचित लाभ लेने जैसे कृत्य प्रमाणित होते हैं, तो भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 356 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66C और 66D सहित अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।

क्लब ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल पत्रकार होने का दावा करना अपराध नहीं है। इसलिए किसी भी प्रकार की कार्रवाई वास्तविक कृत्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होनी चाहिए। प्रेस क्लब ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उसका उद्देश्य किसी निर्दोष को प्रताड़ित करना या स्वतंत्र पत्रकारिता पर अंकुश लगाना नहीं है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों को शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वाले अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए भी अभियान चलाया जाएगा, ताकि भ्रामक और अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। एसपी ने पीड़ित व्यक्तियों से पर्याप्त साक्ष्यों के साथ निःसंकोच शिकायत करने की अपील करते हुए कहा कि जांच में आरोप प्रमाणित होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी और कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिठ्ठू) उपस्थित रहे। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज और कलेक्टर, कोरबा को सूचनार्थ तथा साइबर थाना, कोरबा को आवश्यक जांच के लिए भेजी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…