Live VNS

कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज कर्नाटक में 800 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी

कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज कर्नाटक में 800 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बेंगलुरु, 25 नवंबर (हि.स.)। जापान की प्रमुख औद्योगिक कंपनी कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज ने कर्नाटक सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत कंपनी हारोहल्ली औद्योगिक क्षेत्र स्थित विप्रो कावासाकी प्रिसिजन मशीनरी इकाई के विस्तार के लिए अगले 10 वर्षों में करीब 800 करोड़ रुपये तक निवेश किया जाएगा। इस परियोजना से राज्य में लगभग 600 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और राज्य के भारी एवं मध्यम उद्योग तथा आधारभूत संरचना विकास मंत्री एम.बी. पाटिल की उपस्थिति में टोक्यो में इस संबंध में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ. एस. सेल्वकुमार, कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज के केंजी मात्सुशिता और विप्रो कावासाकी प्रिसिजन मशीनरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिनोरू हत्सुदा ने समझौते का आदान-प्रदान किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार प्रस्तावित इकाई में निर्माण उपकरण उद्योग के लिए आवश्यक हाइड्रोलिक पंप, स्विंग मोटर और संबंधित कलपुर्जों का उत्पादन किया जाएगा। निवेश को दो चरणों में लागू करने की योजना है। पहले चरण में 200 से 400 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 400 से 800 करोड़ रुपये तक निवेश प्रस्तावित है।

वर्ष 2012 में बेंगलुरु में स्थापित विप्रो कावासाकी प्रिसिजन मशीनरी भारत के एक्सकेवेटर हाइड्रोलिक पंप बाजार में अग्रणी कंपनियों में शामिल है। कंपनी का विस्तार इस साझेदारी को आगे बढ़ाएगा और कर्नाटक में निर्माण उपकरण तथा पूंजीगत सामान उद्योग को और मजबूती देगा।

वर्ष 2016 से अब तक कर्नाटक में जापान की 101 ग्रीनफील्ड औद्योगिक परियोजनाएं शुरू हुई हैं। इसके अलावा 525 से अधिक जापानी कंपनियां राज्य में काम कर रही हैं।

कावासाकी की इस परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए राज्य सरकार की ओर से भूमि आवंटन, आवश्यक मंजूरियां, अनापत्ति प्रमाणपत्र और लागू प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल ने कावासाकी कंपनी के नेतृत्व को 20 से 22 अप्रैल, 2027 तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाले वैश्विक निवेशक सम्मेलन 'इन्वेस्ट कर्नाटक-2027' में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…