(लीड) योग बना भारत की वैश्विक पहचान का प्रवेश द्वार, आयुर्वेद के प्रति भी बढ़ा दुनिया का भरोसा : प्रधानमंत्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शेषाद्रि का जीवन सात्विक कर्मयोग का सजीव उदाहरण, 32 पुस्तकों, 10 हजार से अधिक पत्रों से किया मार्गदर्शन : होसबाले
बेंगलुरु, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि योग आज भारत की वैश्विक पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। दुनिया योग के जरिए भारत की सभ्यता, संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवन दर्शन को समझ रही है। योग के प्रति बढ़ती वैश्विक रुचि के साथ आयुर्वेद की स्वीकार्यता भी लगातार बढ़ रही है। विदेशों में 150 से अधिक आयुर्वेद प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता मिलना भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति दुनिया के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री शुक्रवार को बेंगलुरु के जिगनी स्थित प्रशांति कुटीरम में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एवं वरिष्ठ विचारक एच.वी. शेषाद्रि की जन्मशताब्दी स्मरणोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की आधारशिला रखी और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा के ऑफ-कैंपस केंद्र का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक की धरती सदियों से योग साधना और आध्यात्मिक परंपरा का केंद्र रही है। स्वामी विवेकानंद ने गुलामी के दौर में भारतीय युवाओं को योग और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाया था। उनकी प्रेरणा से आगे बढ़ी योग की परंपरा आज दुनिया के कोने-कोने तक पहुंच रही है। कतर के शाही परिवार सहित अनेक देशों के लोग भारतीय योग पद्धति से जुड़ रहे हैं। दुनिया के बड़े नेताओं और उनके परिवारों में भी योग का अभ्यास बढ़ रहा है। इससे भारत के प्रति वैश्विक आकर्षण और आत्मीयता में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। विभिन्न देशों में 150 से अधिक आयुर्वेद प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता मिलना भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।
मोदी ने शेषाद्रि को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण के मिशन को समर्पित कर दिया। वे समझते थे कि किसी देश को सफलता के शिखर तक पहुंचाने के लिए समर्पित, सक्षम और अनुशासित नागरिकों की आवश्यकता होती है। ऐसे नागरिकों के निर्माण के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन लगा दिया। उनका व्यक्तित्व विशाल था, लेकिन व्यवहार अत्यंत विनम्र और सहज था। वे स्वयं पीछे रहकर दूसरों को आगे बढ़ाने और लोगों को राष्ट्रकार्य से जोड़ने में विश्वास करते थे।
उन्होंने कहा कि शेषाद्रि जी समाज सेवा को मां की निःस्वार्थ सेवा के समान मानते थे। जिस तरह मां अपने बच्चे की देखभाल बिना किसी प्रतिफल की अपेक्षा के करती है, उसी भावना से समाज की सेवा होनी चाहिए। उन्होंने अपने जीवन में इस विचार को व्यवहार में उतारा। प्रधानमंत्री ने उनके साथ अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका स्नेह और मार्गदर्शन आज भी स्मृतियों में जीवंत है।
प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम की पांच दशक की यात्रा को सेवा, साधना और समर्पण की प्रेरक गाथा बताया। उन्होंने कहा कि पांच दशक पहले शुरू हुआ एक साधारण योग केंद्र आज बड़े शैक्षणिक, अनुसंधान और स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित हो चुका है। यहां योग के प्रभावों का आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर अध्ययन किया जा रहा है। संस्थान ने योग प्रशिक्षकों, चिकित्सकों और शोधकर्ताओं की ऐसी पीढ़ी तैयार की है, जो देश-विदेश में मानवता की सेवा कर रही है।
उन्होंने कहा कि योग के साथ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को जोड़कर यहां स्वास्थ्य की व्यापक अवधारणा विकसित की गई है। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के समाधान के लिए भी संस्थान महत्वपूर्ण अनुसंधान कर रहा है। वर्ष 1975 में स्थापित एस-व्यासा ने योग शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एच.वी. शेषाद्रि के जीवन को भगवद्गीता में वर्णित सात्त्विक कर्मयोग का साक्षात उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि बाल्यकाल से ही देशभक्ति से ओतप्रोत शेषाद्रि जी ने उनके जैसे न जाने कितने स्वयंसेवकों को जीवनभर राष्ट्रकार्य के लिए प्रेरित किया। उनका जीवन त्याग, तपस्या, सादगी, अध्ययन और संगठन के प्रति समर्पण की मिसाल था।
होसबाले ने बताया कि शेषाद्रि जी ने 32 पुस्तकों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, समाज, इतिहास और राष्ट्रचिंतन को व्यापक अभिव्यक्ति दी। उनकी प्रमुख कृतियों में छत्रपति शिवाजी पर 'युगावतार', भारत विभाजन पर 'द ट्रैजिक स्टोरी ऑफ पार्टिशन', आपातकाल पर 'भुगिलु' और संघ के दर्शन पर 'आरएसएस : ए विजन इन एक्शन' शामिल हैं। उनकी पुस्तक 'टोरबेरालु' को कर्नाटक राज्य साहित्य अकादमी पुरस्कार भी मिला था। उनका साहित्य आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण वैचारिक धरोहर है।
सरकार्यवाह ने कहा कि शेषाद्रि जी वर्षभर देश के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रवास करते थे और छोटे-छोटे गांवों तक पहुंचकर स्वयंसेवकों से संवाद करते थे। उन्होंने 10 हजार से अधिक पत्र लिखकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इन पत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता भी दिखाई देती थी। यादवराव जोशी के मार्गदर्शन में कर्नाटक में शुरू हुई सेवा गतिविधियों को व्यवस्थित स्वरूप देने और आगे बढ़ाने में भी शेषाद्रि जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
होसबाले ने शेषाद्रि जी की सादगी का उल्लेख करते हुए बताया कि एक बार उन्होंने उन्हें दाढ़ी बनाते समय टूटे हुए आईने का इस्तेमाल करते देखा। आईना बदलने की सलाह देने पर शेषाद्रि जी ने सहजता से कहा कि जितना दिखाई देना चाहिए, उतना दिखाई दे रहा है, बाकी देखने की आवश्यकता नहीं है। टूटे आईने को अशुभ बताने पर उन्होंने मुस्कराकर कहा कि इस जीवन में अब और क्या शुभ होना है, जो होना था वह सब हो गया है।
समाधि की अवस्था पर शोध करेगी ऋतंभरा प्रयोगशालाएस-व्यासा के स्वर्ण जयंती समारोह में योग अनुसंधान को नई दिशा देने के लिए अत्याधुनिक 'ऋतंभरा' प्रयोगशाला की स्थापना की पहल भी प्रमुख रही। इसके माध्यम से योग के उच्चतर आयामों, विशेषकर समाधि की अवस्था पर वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। उद्देश्य भारतीय योग परंपरा में वर्णित गहन साधनात्मक अनुभवों को आधुनिक शोध पद्धतियों से समझना है। संस्थान के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. एचआर नागेंद्र ने कहा कि प्रयोगशाला योग के उच्चतर आयामों को वैज्ञानिक रूप से ट्रैक करने में मदद करेगी।
एस-व्यासा का स्वर्ण जयंती महोत्सव 13 से 23 नवंबर तक 'विकसित भारत 2047 की ओर' थीम पर आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2002 में इसे डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा मिला था। समारोह में वीवाईएएसए सोसाइटी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. एचआर नागेंद्र, अंतरराष्ट्रीय मामलों के मुख्य सलाहकार प्रेम भंडारी, उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता, राकेश कुमार तिवारी और दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधि आह्न ब्योंग-गू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह