Live VNS

मलाणा में भीषण अग्निकांड, तीन मंजिला मकान जलकर राख, पांच परिवार बेघर

मलाणा में भीषण अग्निकांड, तीन मंजिला मकान जलकर राख, पांच परिवार बेघर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कुल्लू, 22 नवंबर (हि.स.)। मणिकर्ण घाटी के प्रसिद्ध गांव मलाणा में बीती रात भीषण अग्निकांड में तीन मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया। इस घटना में मकान मालिक दिलेराम सहित पांच परिवार बेघर हो गए हैं।

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। वहीं, दमकल चौकी प्रभारी टीकम राम की अगुआई में दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, गांव में पानी की कमी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार अग्निकांड में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है, जबकि दमकल विभाग और ग्रामीणों की तत्परता से लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास स्थित दो अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

कड़ाके की सर्दी के बीच हुई इस घटना ने पांच परिवारों को बेघर कर दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही नुकसान का आकलन कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…