Live VNS

देव संस्कृति और सनातन परंपराएं भारत की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग : कविन्द्र गुप्ता

देव संस्कृति और सनातन परंपराएं भारत की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग : कविन्द्र गुप्ता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नाहन, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कहा कि भारत की सदियों पुरानी देव संस्कृति और समृद्ध सनातन परंपराएं हमारी आध्यात्मिक शक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का आधार हैं। उन्होंने इस अमूल्य विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित एवं संवर्धित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

राज्य पाल कवीन्द्र गुप्ता आज शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी पहुंचे और छत्रधारी चालदा महासू महाराज के मंदिर में माथा टेका। तथा हिमाचल प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजे जाने वाले श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देवता के गांव-गांव भ्रमण की अनूठी परंपरा समाज में व्याप्त एकता, पारस्परिक सम्मान और सामूहिक आस्था की भावना को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि आज भारत आधुनिक विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर होने के साथ-साथ अपनी गौरवशाली सभ्यतागत, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिला रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को सतत विकास के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।

कविन्द्र गुप्ता ने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर हिमाचल प्रदेश के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…