Live VNS

श्रम मंत्रालय और एनएचएआई ने श्रम संहिताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की

श्रम मंत्रालय और एनएचएआई ने श्रम संहिताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने श्रम संहिताओं के कार्यान्वयन को मजबूत करने के लिए एनएचएआई के साथ की बैठक

नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के कार्यान्वयन को मजबूत करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ बैठक की।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने श्रम संहिताओं के कार्यान्वयन को मजबूत करने और हितधारकों के साथ परामर्श को बढ़ाने के लिए एनएचएआई के साथ बातचीत की है। ये बैठक भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत 'मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय)' कार्यालय ने 27 दिल्ली के द्वारका स्थित 'श्रमेव जयते भवन' में आयोजित की।

मंत्रालय के मुताबिक यह बैठक मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) और आईएएस अधिकारी सोनल मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में 'श्रम संहिता, 2020' को प्रभावी ढंग से लागू करने, आपसी समन्वय को मजबूत करने और हितधारकों के साथ परामर्श करने पर चर्चा की गई। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें ठेकेदारों और उप-ठेकेदारों के लिए मौके पर ही पंजीकरण और लाइसेंसिंग अभियान को चलाना शामिल था, ताकि लेबर कोड के तहत कानूनी अनुपालन को आसान बनाया जा सके।

इस बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। यह बैठक मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय द्वारा विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ की जा रही आमने-सामने की बातचीत की श्रृंखला के हिस्से के रूप में आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य श्रम संहिताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद करना, नियमों का पालन सुनिश्चित करना और संस्थागत समन्वय को मजबूत करना था।

मंत्रालय के मुताबिक इस बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का प्रतिनिधित्व प्रशासन विभाग के सीजीएम, सी. के. सिन्हा ने अपनी टीम के साथ किया। मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…