Live VNS

नवागांव वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव, विधायक ने जताई नाराजगी

नवागांव वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव, विधायक ने जताई नाराजगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। शहर के नवागांव वार्ड में सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर विधायक ओंकार साहू ने नाराजगी जताई। शुक्रवार को वार्ड के निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी, नालियों की नियमित सफाई नहीं होने, दूषित तालाब, जर्जर सड़कें और पेयजल की समस्या सामने आई।

विधायक ओंकार ने वार्ड के निस्तारी तालाब का जायजा लिया। वार्डवासियों ने बताया कि तालाब का पानी दूषित हो चुका है। इसके संपर्क में आने से लोगों को खुजली और त्वचा संबंधी परेशानियां हो रही हैं। वहीं सार्वजनिक भवनों के आसपास कचरा जमा है। सड़कों पर कीचड़ और जर्जर हिस्सों के कारण आवागमन में भी परेशानी हो रही है। वार्ड में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी लोगों ने की। निरीक्षण के दौरान हमर क्लिनिक का निर्माण कई महीनों से अधूरा मिला।

विधायक साहू ने कहा कि नगर निगम का दायित्व केवल कर वसूली करना नहीं, बल्कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने निगम अधिकारियों से नियमित सफाई, तालाब की सफाई, हमर क्लिनिक का निर्माण पूरा कराने, सड़कों की मरम्मत और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री आकाश गोलछा, रियाज अहमद, संजू साहू, रजत सोनकर, धर्मेंद्र पटेल, ईश्वर यादव, हरीश साहू, भारत साहू, दीपक यादव, बलराम विश्वकर्मा सहित वार्डवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…