लद्दाख में 'प्रोजेक्ट अमृत सरोवर' के तहत 97 और जल निकायों को उपराज्यपाल की मंजूरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लेह, 15 नवंबर (हि.स.)। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 'प्रोजेक्ट अमृत सरोवर' के तहत 97 और जल निकायों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही अगले साल जनवरी तक केंद्र शासित प्रदेश में चालू होने वाले तालाबों की कुल संख्या 163 हो जाएगी।
ऊंचाई पर स्थित इस ठंडे रेगिस्तानी इलाके में जैसे-जैसे सर्दियां आ रही हैं, प्रशासन इस कठिन मौसम को जल संरक्षण के प्रयासों को तेज करने, जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीलापन बढ़ाने, सिंचाई की भरोसेमंद व्यवस्था सुनिश्चित करने और ग्रामीण आजीविका को सुरक्षित करने के एक अवसर के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। प्रशासन ने 'प्रोजेक्ट अमृत सरोवर' को गति दी है जिसके तहत उपराज्यपाल ने लद्दाख में 97 नए जल निकायों के निर्माण को मंजूरी दी है।
इस रणनीतिक पहल का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटना, कृषि के लिए पानी की आपूर्ति सुरक्षित करना और सर्दियों के चरम महीनों के दौरान 'मिशन मोड' में ग्रामीण स्थिरता को बढ़ावा देना है। उपराज्यपाल ने हाल ही में केंद्र शासित प्रदेश में 97 और तालाब बनाने की मंजूरी दी है। साथ ही उन्होंने लोक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इन कार्यों को 'मिशन मोड' में 31 जनवरी, 2027 तक पूरा करें।
इस तेजी से किए जा रहे काम के परिणामस्वरूप जनवरी, 2027 तक कुल 163 तालाब चालू हो जाएंगे। इससे लद्दाख के 248 गांवों में से 163 गांवों को कवर किया जाएगा और इनमें कुल मिलाकर लगभग 550 मिलियन लीटर पानी जमा करने की क्षमता होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह