जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, नौ घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड की भगवानपुर पंचायत के शिवनगर वार्ड-3 में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में एक पक्ष की चार महिलाओं समेत पांच और दूसरे पक्ष के लोगों सहित कुल नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को डायल 112 की मदद से वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया है।
बताया गया कि शिवनगर वार्ड-3 में विष्णु देव यादव और दूसरे पक्ष के बीच करीब 10 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विष्णु देव यादव ने मामले को लेकर वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में आवेदन भी दिया था। परिजनों का आरोप है कि अब तक मामले में अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
इसी दौरान शनिवार को श्याम देव यादव (55), पिता स्वर्गीय बलदेव यादव, विवादित जमीन पर घर बनाने का काम शुरू करवा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
घायल पक्ष के परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और घर में मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ मारपीट की। घायलों में फुलेसर यादव (60), मानीचंद यादव (47), अरहुल देवी (47) और लिलन देवी (50) समेत अन्य लोग शामिल हैं। परिजनों ने चार बच्चों के भी चोटिल होने की बात कही है।
घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे घायलों को अस्पताल लाया गया था। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। अरहुल देवी और उनके पति उमेश प्रसाद यादव (47) की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है।
भीमनगर थाना प्रभारी अमीय प्रसून ने बताया कि थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड-3 में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद के दोबारा हिंसक रूप लेने से दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया है। अब पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र