अजमेर जिले में विधिक माप विज्ञान विभाग की पेट्रोल पंपों पर जांच

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अजमेर, 17 नवंबर(हि.सं.)। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा पेट्रोल पंपों पर पारदर्शिता एवं नियमानुसार ईंधन वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा अजमेर जिले में पेट्रोल पंप प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस अभियान के तहत गणेश योगी एवं सुरेश कुमार द्वारा अजमेर जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खानपुर पेट्रोलियम अजमेर, फ्रेंड्स पेट्रोलियम गगवाना, वी.आर. पेट्रोलियम किशनगढ़ एवं श्याम बालाजी फिलिंग स्टेशन वैशाली नगर प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान पेट्रोल एवं डीजल वितरण से संबंधित डिस्पेंसिंग यूनिटों, माप उपकरणों के सत्यापन एवं मुहर, सुरक्षा सील तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ईंधन उपलब्ध करवाने से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई।
विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध माप उपकरणों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान चारों पेट्रोल पंपों पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। किसी भी प्रतिष्ठान पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन अथवा किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर स्थापित सभी माप उपकरणों का निर्धारित समय पर सत्यापन करवाएं, उपकरणों की सील एवं मुहर सुरक्षित रखें तथा प्रत्येक उपभोक्ता को निर्धारित मात्रा एवं सही माप में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं पेट्रोल पंपों पर सही माप में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 एवं नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष