मेनार गांव में देर रात घर में घुसा लेपर्ड, पिल्ले का किया शिकार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
उदयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)।
उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड स्थित मेनार गांव में बीती रात एक लेपर्ड ने आबादी क्षेत्र में घुसकर कुत्ते के पिल्ले का शिकार कर लिया। लेपर्ड के घर में घुसने और पिल्ले को उठा ले जाने की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गांव में लेपर्ड की सक्रियता सामने आने के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 26 नवंबर की रात 1 बजकर 3 मिनट पर लेपर्ड एक घर के पास पहुंचा। फुटेज में वह कुछ मिनट वहां रुककर आसपास का जायजा लेता नजर आया और इसके बाद घर में घुसकर कुत्ते के बच्चे को दबोचकर ले गया। सुबह जब ग्रामीणों ने फुटेज देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। आबादी के बेहद करीब लेपर्ड की आवाजाही से ग्रामीणों को अपने छोटे बच्चों और घरों के बाहर बंधे पालतू मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता