Live VNS

मुरादाबाद : दीवार पर बैठा दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत व्याप्त

मुरादाबाद : दीवार पर बैठा दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत व्याप्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मुरादाबाद, 15 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कांठ क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है। रविवार को कस्बे में कांठ-करनपुर मार्ग स्थित पट्टी मौढ़ा में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज के पास पुलिसकर्मियों ने एक दीवार पर तेंदुए को बैठे हुए देखा। पुलिसकर्मियों ने उसकी वीडियो भी बना लिया।

रविवार सुबह 7ः50 बजे कांठ थाने की लेपर्ड पुलिस बाइक से नगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। बाइक सवार पुलिसकर्मी अमर और शाहिद गश्त करते हुए जैसे ही पट्टी मौढ़ा में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज के पास पहुंचे तो उनकी नजर दीवार पर बैठे तेंदुए पर पड़ी। दोनों पुलिसकर्मियों ने चलती बाइक से ही टॉर्च की रोशनी तेंदुए की ओर डाली और मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। कुछ देर तक दीवार पर बैठे रहने के बाद तेंदुआ छलांग लगाकर दूसरी ओर चला गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी निरीक्षक को दी। इसके बाद पुलिस ने पट्टी मौढ़ा के लोगों के साथ ही इस रास्ते से निकलने वाले राहगीरों को भी सतर्क किया।

कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि एनाउंसमेंट कराकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। साथ ही तेंदुआ दिखाई देने की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। नगर क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से लोगों में दहशत व्याप्त हो है। नगरवासियों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़वाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…