विकसित भारत की यात्रा में संवैधानिक मूल्यों का हो मार्गदर्शन: मनोज सिन्हा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जम्मू, २6 नवंबर (हि.स.)। कानून, न्याय और संसदीय कार्य विभाग द्वारा संस्कृति विभाग के सहयोग से यहां आयोजित कार्यक्रम में उपराज्यपाल मनोज
सिन्हा ने कहा कि केवल कानूनी और संवैधानिक सुरक्षा उपाय ही काफी नहीं हैं इसके लिए जरूरी है कि नागरिक रोजमर्रा की जिंदगी में एक-दूसरे की गरिमा, अधिकारों और आकांक्षाओं को समझें और उनका सम्मान करें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी और स्पेस टेक्नोलॉजी में हो रही तेजी से प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने डिजिटल युग में व्यक्तिगत स्वतंत्रता, निजता (प्राइवेसी) और मानवीय गरिमा की रक्षा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी को इंसानों की मदद करनी चाहिए न कि इंसानों को टेक्नोलॉजी के अधीन बना देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि तकनीकी प्रगति मानव-केंद्रित हो और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप रहे। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं में बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवाएं और बुनियादी ढांचा जम्मू-कश्मीर के हर हिस्से तक समान संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ पहुंचना चाहिए ताकि विकास की यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे।
सिन्हा ने कहा कि भारत भविष्य का इंतजार नहीं कर रहा है बल्कि उसे खुद गढ़ रहा है। संविधान ने आने वाली पीढ़ियों को ऐसी नींव दी है जिससे वे अकल्पनीय उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। अब हमें सच्चे विकास पर ध्यान देना चाहिए जिसका अर्थ है अवसरों का विस्तार करना, असमानताओं को कम करना और हर नागरिक की गरिमा सुनिश्चित करना।
उन्होंने समावेशी विकास हासिल करने के लिए युवाओं को समान अवसर देने, महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण, किसानों और श्रमिकों की गरिमा तथा जिम्मेदार सार्वजनिक संस्थानों के महत्व को रेखांकित किया। नागरिकों से राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि भारत को बस ऐसे ईमानदार लोगों की जरूरत है जो देश के हितों को अपने निजी हितों से ऊपर रखें।
इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर, मुख्य सचिव सज्जन सिंह यादव, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, प्रमुख नागरिक और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह