Live VNS

उपराज्यपाल ने भीकाजी कामा प्लेस में डीडीए के मल्टी-लेवल पार्किंग का किया उद्घाटन

उपराज्यपाल ने भीकाजी कामा प्लेस में डीडीए के मल्टी-लेवल पार्किंग का किया उद्घाटन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को भीकाजी कामा प्लेस में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया। 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस पार्किंग में 432 कारों और 193 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है। यह पार्किंग आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसका उद्देश्य व्यस्त कमर्शियल हब में सड़क किनारे होने वाली भीड़-भाड़ को कम करना है।

भीकाजी कामा प्लेस में मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधा के उद्घाटन के मौके पर उपराज्यपाल ने डीडीए के इस पहल की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में ऐसी और भी कई पार्किंग सुविधाओं की जरूरत है। उपराज्यपाल ने कहा कि इस पहल से न केवल आवाजाही बेहतर होगी बल्कि पार्किंग और भीड़भाड़ की समस्या भी कम होगी। उन्होंने इसे आधुनिक सोच बताते हुए कहा कि विकसित भारत में इसकी बहुत अहम भूमिका होगी।

उपराज्यपाल ने डीडीए को बधाई देते हुए डीडीए सहित सभी पार्किंग एजेंसियों से दिल्ली में कई और जगहों पर भी ऐसी ही सुविधाएं बनाने की अपील की। उन्होंने डीडीए के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे भीड़-भाड़ वाले बाजारों और संस्थागत क्षेत्रों में ऐसी ही और सुविधाएं विकसित करने के लिए अन्य जगहों की पहचान करें।

इस अवसर पर नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक अनिल शर्मा के साथ अधिकारी उपस्थित रहें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…