सावन चक में युवक पर जानलेवा हमला, गाड़ियों से कुचलने का भी प्रयास, एफआईआर दर्ज आरोपी फरार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। कठुआ शहर के सावन चक स्थित गुरुद्वारा चैक पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और उसे गाड़ियों से कुचलने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। हमले में वार्ड नंबर 21 निवासी रंधीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लहूलुहान हालत में उपचार के लिए जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसके सिर पर टांके लगाए गए। उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं।
घायल रंधीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए हत्या के प्रयास, मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में अमनदीप सिंह उर्फ एम्मी निवासी नैन सुख कॉलोनी कठुआ, कर्णवीर सिंह उर्फ साहिल और हरसिमरण सिंह उर्फ हरसी निवासी जगतपुर कठुआ, आकाश निवासी गोविंदसर तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल है। शिकायतकर्ता के अनुसार मंगलवार रात वह गुरुद्वारा चैक के पास मौजूद था तभी आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और तेजधार हथियारों तथा लाठियों से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने स्कॉर्पियो नंबर जेके08आर-8883 और स्विफ्ट कार नंबर जेके08ई-5176 से भी उसे कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ आरोपियों ने एक अन्य युवक इशविंदर सिंह पर भी हमला करने का प्रयास किया जिसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 571 के तहत बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 351(2), 109 और 190 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया