Live VNS

लखनऊ आदर्श माध्यमिक विद्यालय की 75 छात्राओं ने किया मथुरा रिफाइनरी का शैक्षणिक भ्रमण

लखनऊ आदर्श माध्यमिक विद्यालय की 75 छात्राओं ने किया मथुरा रिफाइनरी का शैक्षणिक भ्रमण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मथुरा, 22 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आदर्श माध्यमिक विद्यालय की 75 छात्राओं एवं 06 शिक्षकों के दल ने रविवार मथुरा रिफाइनरी का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पेट्रोलियम रिफाइनरी की कार्यप्रणाली, कच्चे तेल के शोधन की प्रक्रिया तथा विभिन्न पेट्रोलियम उत्पादों के निर्माण से अवगत कराना था।

मथुरा रिफाइनरी पहुंचने पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात दल के लिए रिफाइनरी परिसर में दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। भोजन के उपरांत विद्यार्थियों को रिफाइनरी के संचालन एवं विभिन्न प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर अभिनव गोस्वामी, महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ) ने विद्यार्थियों को रिफाइनरी की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) को विभिन्न प्रक्रियाओं के माध्यम से परिष्कृत कर उपयोगी पेट्रोलियम उत्पादों में परिवर्तित किया जाता है। विद्यार्थियों को क्रूड ऑयल के शोधन की प्रक्रिया तथा इससे प्राप्त होने वाले प्रमुख उत्पादों, जैसे पेट्रोल, डीजल, एटीएफ, एलपीजी, नेफ्था आदि के बारे में जानकारी दी गई।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने रिफाइनरी की कार्यप्रणाली को लेकर उत्साहपूर्वक जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। मथुरा रिफाइनरी द्वारा आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिवेश से जोड़ने तथा देश के ऊर्जा क्षेत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…