Live VNS

लनामिवि में 8-9 जनवरी को होगा अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान सम्मेलन

लनामिवि में 8-9 जनवरी को होगा अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान सम्मेलन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग की ओर से 8-9 जनवरी, 2027 को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने सम्मेलन की विवरणिका का विमोचन किया।

‘इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांसिंग फ्रंटियर्स ऑफ केमिकल साइंसेज-2027’ का आयोजन ‘प्रो. (डॉ.) नीलाम्बर चौधरी चेयर’ के तत्वावधान में होगा। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘सतत भविष्य के लिए रसायनशास्त्र एवं संबद्ध विज्ञानों का समन्वय’ निर्धारित किया गया है। इसका आयोजन रसायनशास्त्र विभाग स्थित प्रो. नीलाम्बर चौधरी सम्मेलन कक्ष में हाइब्रिड माध्यम से किया जाएगा।

सम्मेलन में ऊर्जा, स्वास्थ्य, पदार्थ विज्ञान एवं पर्यावरण सहित रासायनिक विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में नवीन शोध, उपलब्धियों और विचारों का आदान-प्रदान होगा। इसमें विशेषज्ञों के आमंत्रित व्याख्यान के साथ शोधार्थियों एवं प्रतिभागियों द्वारा मौखिक और पोस्टर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित करने के लिए तीन सर्वश्रेष्ठ मौखिक और तीन सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुतियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

इस अवसर पर विज्ञान संकायाध्यक्ष सह रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दिलीप कुमार चौधरी, सम्मेलन की संयोजक डॉ. मोनी शर्मा एवं डॉ. सोनू राम शंकर तथा आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अभिषेक राय, डॉ. अनिन्द्र शर्मा एवं डॉ. मुकेश कुमार शर्मा उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…