औरैया : विशेष लोक अदालत में सुलह-समझौते से निस्तारित हुए नौ वाद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-धारा 138 एनआई एक्ट के मामलों का हुआ निपटारा, 28 नवंबर को यातायात चालानों के लिए लगेगी विशेष लोक अदालत
औरैया, 23 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद न्यायालय परिसर में सोमवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में धारा 138 एनआई एक्ट के नौ वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। यह लोक अदालत जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता के निर्देशन में जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारियों ने वादों के निस्तारण में सहभागिता की।
सचिव रोमा गुप्ता ने बताया कि विशेष लोक अदालत में धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति और सुलह-समझौता कराने के लिए न्यायालय के पीठासीन अधिकारियों ने विशेष प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप कुल नौ वादों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण होने से पक्षकारों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत मिलती है और समय एवं धन की बचत होती है।
उन्होंने बताया कि आगामी 28 नवंबर शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत (यातायात चालान) का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित यातायात चालानों का निस्तारण कराने के लिए लोक अदालत में पहुंचे। विशेष लोक अदालत सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। वाहन चालकों और संबंधित पक्षकारों से कहा गया है कि वे पेमेंट सेतु एप के माध्यम से अपने यातायात चालानों का भुगतान कर उनका निस्तारण करा सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिक से अधिक लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाकर सुलभ न्याय प्राप्त करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार