जल बोर्ड की लेट पेमेंट सरचार्ज छूट योजना का 5,66,349 उपभोक्ता ने उठाया लाभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली जल बोर्ड की लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) छूट योजना के माध्यम से घरेलू परिवारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी आर्थिक राहत मिल रही है। साथ ही उपभोक्ता स्वेच्छा से अपने लंबे समय से लंबित पानी के बिलों का भुगतान करने के लिए आगे आ रहे हैं।
योजना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, घरेलू और व्यावसायिक श्रेणियों के कुल 5,66,349 उपभोक्ता इसका लाभ उठा चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को 3,618.73 करोड़ रुपये की एलपीएससी छूट दी गई है, जबकि दिल्ली जल बोर्ड को बकाया बिलों के मूलधन राशि के रूप में 1,076.15 रुपये करोड़ प्राप्त हुए हैं। व्यावसायिक श्रेणी में भी उपभोक्ताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली है। इस श्रेणी के लिए योजना बाद में शुरू की गई थी, इसके बावजूद हजारों व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने आगे आकर इसका लाभ उठाया है।
घरेलू उपभोक्ता (श्रेणी-I) - कुल 13,39,018 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं में से 5,48,074 उपभोक्ता योजना का लाभ उठा चुके हैं। इस प्रकार लगभग 41 प्रतिशत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं ने योजना में भागीदारी की है। इस श्रेणी से दिल्ली जल बोर्ड को मूलधन के रूप में 854.54 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जबकि उपभोक्ताओं को 1,886.89 करोड़ रुपये की एलपीएससी छूट दी गई है।
व्यावसायिक उपभोक्ता (श्रेणी-II) - कुल 70,312 पात्र व्यावसायिक उपभोक्ताओं में से 18,275 उपभोक्ता योजना का लाभ उठा चुके हैं। यह लगभग 26 प्रतिशत भागीदारी है। व्यावसायिक श्रेणी में योजना बाद में शुरू होने के बावजूद उपभोक्ताओं ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया है। इस श्रेणी से मूलधन के रूप में 221.61 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जबकि उपभोक्ताओं को 1,731.84 करोड़ रुपये की एलपीएससी छूट का लाभ मिला है।
दिल्ली के जल मंत्री एवं दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि उपभोक्ता बिना किसी दबाव के स्वेच्छा से अपने पुराने बकाया बिलों का भुगतान करने के लिए आगे आ रहे हैं। यह दिखाता है कि जब लोगों को राहत का एक सार्थक अवसर दिया जाता है, तो वे अपनी लंबित देनदारियों को चुकाने के लिए तत्पर होते हैं। हमारा उद्देश्य केवल बकाया राशि की वसूली करना नहीं है, बल्कि हर पात्र उपभोक्ता के लिए अपने खाते का निपटारा करना आसान बनाना और उसे छूट का लाभ दिलाना है। इस पहल में सकारात्मक भागीदारी के लिए हम सभी घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के आभारी हैं।
मंत्री ने कहा कि हमारा काम अभी पूरा नहीं हुआ है। यह सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया जारी है कि हर पात्र उपभोक्ता की पहचान हो और उसे योजना का लाभ मिल सके। यह योजना उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता देने के साथ-साथ सार्वजनिक उपयोगिताओं में वित्तीय अनुशासन स्थापित करने की दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मूलधन की वसूली से दिल्ली जल बोर्ड की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और जलापूर्ति, सीवर नेटवर्क तथा अन्य आवश्यक जनसेवाओं में सुधार के प्रयासों को गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव