Live VNS

देव दीपावली पर गंगा में लग्जरी सैर-सपाटे का शौक पड़ेगा महंगा, क्रूज का टिकट 25 हजार रुपये

देव दीपावली पर गंगा में लग्जरी सैर-सपाटे का शौक पड़ेगा महंगा, क्रूज का टिकट 25 हजार रुपये

BK Pathak ·

गंगोत्री क्रूज पर सिर्फ 20 पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज, बनारसी चाट और लजीज व्यंजनों के साथ ड्रोन-लेजर शो का लेंगे आनंद, स्वीट रूम का तीन दिन का पैकेज 3.50 लाख रुपये

वाराणसी। काशी की देव दीपावली इस बार गंगा की लहरों पर लग्जरी पर्यटन का नया आकर्षण लेकर आ रही है। 24 नवंबर को 84 घाटों की दीपमालिका देखने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह है। घाटों की जगमगाहट, गंगा आरती और आसमान में होने वाले ड्रोन व लेजर शो का नजारा गंगा के बीच से देखने के लिए पर्यटक हजारों रुपये खर्च करने को तैयार हैं। गंगोत्री लग्जरी क्रूज पर देव दीपावली के विशेष पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति 25 हजार रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसमें केवल 20 सीटें रखी गई हैं। कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है।

गंगोत्री क्रूज पर 24 नवंबर को शाम पांच से रात आठ बजे तक विशेष आयोजन होगा। पर्यटकों को गंगा की लहरों के बीच से काशी के 84 घाटों की दीपमालिका देखने का अवसर मिलेगा। इस दौरान बनारसी चाट सहित विभिन्न लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। साथ ही ड्रोन शो, लेजर शो और आतिशबाजी का नजारा भी दिखाया जाएगा।

कॉरपोरेट बुकिंग से क्रूज हुए फुल

देव दीपावली पर अलकनंदा, विवेकानंद और भागीरथी क्रूज की बुकिंग भी पूरी हो चुकी है। अलकनंदा क्रूज लाइन से जुड़े जयंत मालवीय के अनुसार, इस बार पहली बार प्रमुख क्रूजों में कॉरपोरेट बुकिंग का इतना बड़ा रुझान देखने को मिला है। कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों, अतिथियों और व्यावसायिक सहयोगियों के लिए गंगा में विशेष आयोजन की बुकिंग कराई है।

स्वीट रूम का पैकेज साढ़े तीन लाख

गंगोत्री क्रूज के स्वीट रूम का 23 से 25 नवंबर तक तीन दिन का पैकेज 3.50 लाख रुपये में बुक हुआ है। इसमें काशी भ्रमण, देव दीपावली दर्शन, लंच, डिनर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुविधा शामिल है। वहीं डीलक्स रूम का तीन दिवसीय पैकेज 2.75 लाख रुपये निर्धारित है।

नाव और हाउसबोट की भी बढ़ी मांग

लग्जरी क्रूज के अलावा देसी क्रूज, बजड़े, मोटर बोट और नावों की बुकिंग में भी तेजी है। देसी क्रूज का किराया पांच से आठ हजार रुपये प्रति व्यक्ति और नाव का किराया करीब तीन हजार से 3500 रुपये तक पहुंच गया है। नाविक शंभू निषाद के अनुसार, छोटी मोटर बोट 40 हजार और मीडियम मोटर बोट 60 से 70 हजार रुपये में बुक हो रही हैं। हाउसबोट का किराया डेढ़ से दो लाख रुपये तक है। करीब 50 प्रतिशत नावों की बुकिंग हो चुकी है।

पर्यटन कारोबार को 100 करोड़ से अधिक की उम्मीद

देव दीपावली पर 10 से 15 लाख पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। नाव, बजड़े और क्रूज कारोबार से 10 करोड़ रुपये से अधिक तथा होटल कारोबार से 60 से 80 करोड़ रुपये तक का व्यवसाय होने का अनुमान है। घाटों की रोशनी, गंगा आरती और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ लग्जरी क्रूज पर्यटन इस बार काशी के पर्यटन कारोबार का प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…