महापर्व डालाछठ : घाटों पर बनेंगे शुभकामना वाले सेल्फी प्वाइंट, रोशनी से जगमगाएंगे गंगा घाट

नमो घाट से रामनगर तक रोशनी की होगी विशेष व्यवस्था, स्वच्छ काशी-सुंदर काशी और छठ की शुभकामनाओं वाले सेल्फी पॉइंट बनेंगे
नगर आयुक्त ने अस्सी से रामनगर तक घाटों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी। महापर्व डाला छठ पर गंगा घाटों की छटा इस बार रोशनी और आकर्षक सेल्फी पॉइंट से निखरेगी। नमो घाट से लेकर रामनगर तक घाटों को रोशनी से जगमगाने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जेटी और चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। घाटों पर स्वच्छ काशी-सुंदर काशी और छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाओं वाले सेल्फी पॉइंट भी तैयार किए जाएंगे। छठ पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को अस्सी घाट से रामनगर के बलुआ घाट तक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
नमो घाट से सामने घाट और रामनगर तक गंगा किनारे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम की ओर से स्वच्छ काशी-सुंदर काशी और छठ महापर्व की शुभकामनाओं वाले आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने अस्सी घाट पर स्मार्ट सिटी के माध्यम से जेटी लगाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम तत्काल तैयार कराने के निर्देश दिए।
नमो घाट से सामने घाट और रामनगर के बलुआ घाट तक लगातार सफाई कराने को कहा। अस्सी, नया अस्सी और अन्य कच्चे घाटों पर मिट्टी की लेवलिंग व ड्रेसिंग कराई जाएगी। दलदल वाले स्थानों पर सूखी मिट्टी और बालू की बोरियां डालकर रास्ते को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
गंगा में स्नान और पूजन के दौरान सुरक्षा के लिए फ्लोटिंग बैरिकेडिंग का काम तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। अस्सी घाट से नया अस्सी घाट तक पाथवे पर रखी लोहे और लकड़ी की गुमटियों को हटाकर रास्ता अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। घाटों पर पशु वाहन तैनात कर छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। नया अस्सी घाट की सुंदरता बढ़ाने के लिए हॉर्टिकल्चर के विशेष कार्य कराए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।