Live VNS

मैहर के गांवों में घुसे हाथी सी-5 को पकड़ने की तैयारी पूरी, बांधवगढ़-पन्ना की टीमें संभालेंगी मोर्चा

मैहर के गांवों में घुसे हाथी सी-5 को पकड़ने की तैयारी पूरी, बांधवगढ़-पन्ना की टीमें संभालेंगी मोर्चा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मैहर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाणसागर जलाशय पार कर मैहर जिले के अमरपाटन वन परिक्षेत्र में पहुंचे हाथी सी-5 को सुरक्षित पकड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पिछले कई दिनों से गोरसरी और भीसमपुर गांवों के आसपास विचरण कर रहा यह हाथी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हाथी की लगातार गतिविधियों से गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग के सामने उसे बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू करने की चुनौती है।

28 तारीख से गांवों के आसपास सक्रिय हाथी सी-5 अब तक कई घरों को क्षतिग्रस्त कर चुका है। इसके अलावा खेतों में खड़ी फसलों और पशुओं को भी नुकसान पहुंचाया है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक हाथी के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। वन विभाग ने नुकसान का आकलन कर प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

अनुमति मिलते ही विशेषज्ञ टीमों ने संभाली कमान

हाथी को पकड़ने की अनुमति मिलने के बाद बांधवगढ़ और पन्ना टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों टाइगर रिजर्व के अनुभवी वन्यजीव विशेषज्ञ हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए रेस्क्यू की रणनीति तैयार कर रहे हैं। योजना के तहत हाथी को नियंत्रित कर सुरक्षित तरीके से पकड़ा जाएगा, ताकि उसे और ग्रामीणों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।

मैहर के डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा ने बताया कि हाथी सी-5 का रेस्क्यू बुधवार को किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। वन विभाग की टीमें लगातार हाथी की लोकेशन पर नजर रख रही हैं। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

हाथी की मौजूदगी वाले गांवों में वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों से हाथी के नजदीक नहीं जाने, उसे भगाने या घेरने की कोशिश नहीं करने और उसकी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।

अब सभी की नजर वन विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी है। कई दिनों से आबादी के आसपास विचरण कर रहे हाथी को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक रहवास तक पहुंचाना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। सफल रेस्क्यू से जहां ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं हाथी की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…