मैहरः मानवता की मिसाल बने पुलिस अधीक्षक, सड़क हादसे में घायलों को पहुँचाया अस्पताल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मैहर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद कर सराहनीय पहल की है। गुरुवार शाम लगभग 8 बजे मैहर के ओवरब्रिज पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह उसी मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क पर दुर्घटना और घायल लोगों को देखते ही उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और बिना समय गंवाए घायलों की मदद के लिए आगे आए।
पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने घायलों की स्थिति को देखते हुए तत्काल उन्हें अपने वाहन में बैठवाया और उपचार के लिए मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया, ताकि घायलों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके।
आमतौर पर सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो जाती है, लेकिन मैहर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल सहायता कर यह संदेश दिया कि मानव जीवन की रक्षा से बढ़कर कोई कर्तव्य नहीं है।
उनकी इस संवेदनशील पहल ने पुलिस के मानवीय चेहरे को सामने लाने का काम किया है। पुलिस अधीक्षक ने अपने व्यवहार से यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट में फंसे नागरिकों की सहायता करना भी है।
पुलिस अधीक्षक की पहल बनी मानवता की मिसाल
सड़क हादसे में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की पहल सराहनीय है। उनका यह कदम समाज को भी प्रेरणा देता है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर अनदेखा करने के बजाय उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए।
किसी घायल के जीवन को बचाने में समय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पुलिस अधीक्षक ने अपने इस कार्य से मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी