Live VNS

बांके बिहारी मंदिर के पास बंद मकान में लगी भीषण आग

बांके बिहारी मंदिर के पास बंद मकान में लगी भीषण आग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

500 मीटर दूर से दिखा काला धुआं, स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने पाया काबू

मथुरा, 11 नवम्बर (हि.स.)। कोतवाली वृंदावन क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के पास एक बंद पड़े मकान में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। तंग गलियों में हुई इस घटना के कारण आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आग से उठ रहा काला धुआं करीब 500 मीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था।

घटना बांके बिहारी मंदिर के वीआईपी रास्ते के समीप स्थित गली में, अकोला वाली धर्मशाला के पास हुई। बुधवार की दोपहर को अचानक एक बंद पड़े मकान से तेज धुआं उठने लगा, जो देखते ही देखते विकराल आग में बदल गया। आशंका जताई जा रही है कि किसी आतिशबाजी (पटाखे) के वहां आकर पड़े थर्माेकोल पर गिरने के कारण यह आग लगी। बंद और खंडहर हो चुके मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बांके बिहारी पुलिस चौकी पर तैनात एसआई शिव कुमार शर्मा और सिपाही अनिकेत तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी के पाइप और अन्य साधनों के जरिए आग पर काबू पाने के कड़े प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी थी, लेकिन घनी बस्ती और तंग गलियों के बीच एक घंटे तक दमकल की कोई भी टीम मौके पर नहीं पहुंची। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान बांके बिहारी मंदिर के पट बंद थे और श्रद्धालुओं की भीड़ समाप्त हो चुकी थी। यदि मंदिर खुलने का समय होता और भारी भीड़ होती, तो इन तंग गलियों से गुजरने के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…