Live VNS

टैंडर जारी होने के बाद भी शुरू नहीं हुआ कांगणी सड़क के धूल भरे हिस्से को पक्का करने का काम

टैंडर जारी होने के बाद भी शुरू नहीं हुआ कांगणी सड़क के धूल भरे हिस्से को पक्का करने का काम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मंडी, 19 नवंबर (हि.स.)। मंडी शहर को फोरलेन से जोड़ने वाली मंडी मलोरी कांगणी जंगल सड़क के डेढ़ किलोमीटर के हिस्से को पक्का करने का टैंडर जब 28 अक्तूबर को जारी हुआ, तो इसका जोर शोर से प्रचार किया गया था। विधायक से लेकर अधिकारियों तक ने लोगों को लंबे अरसे से हो रही परेशानी व तीखी आलोचनाओं पर विराम लगाने के लिए इसे बाकायदा मीडिया को जारी कर दिया था और उस समय इनकी बल्ले-बल्ले भी सोशल मीडिया पर खूब हुई थी। अब हैरानीजनक बात यह है कि नेरचौक बल्ह के अधिशाषी अधियंता द्वारा जारी किए गए इस एक करोड़ 61 लाख के टैंडर को जारी हुए 23 दिन हो चुके हैं। मगर अभी तक मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ, न ही किसी तरह की कोई हलचल है। चूंकि यह मार्ग मंडी शहर को सीधे किरतपुर मंडी फोरलेन से जोड़ता है ऐसे में इस पर दिन रात हजारों वाहन लगातार चलते रहते हैं। जो खड्डनुमा हो चुकी इस सड़क से गुजरते हुए इतनी धूल उड़ाते हैं कि आसपास के बाशिंदे, स्कूलों के बच्चे व दोपहिया वाहनों पर जाने वाले लोग बेहद परेशानी झेल रहे हैं।

लोग धूूल के कारण बीमार हो रहे हैं। पूरे इलाके में पेड़ धूल से अट गए हैं, पशु चारा बर्बाद हो गया है, लोगों के मकानों पर मिट्टी की मोटी तह जमा हो गई है। चूंकि इतने दिनों से बारिश भी नहीं हुई ऐसे में एक तरह से यह सड़क लोगों के लिए नरक का द्वार बन गई है।

जरली गांव के लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मंडी को ज्ञापन भेज कर इस काम को शुरू न करने पर हैरानी व क्षोभ जताया है, साथ ही आग्रह किया है कि इस काम को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए। यह भी मांग उठाई है कि जब तक इसके पक्का करने का काम शुरू नहीं होता तब तक इस मार्ग पर रोजाना दिन में दो तीन बार पानी का छिड़काव किया जाए। लोगों ने बताया कि पहले से ही खस्ताहाल सड़क पर 13 नवंबर को मुख्यमंत्री के मंडी दौरे से पहले इस पर और मिट्टी बिछा दी गई जिसने धूल के गुब्बार में अत्याधिक इजाफा कर दिया है।

लोगों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में इसका काम शुरू नहीं किया गया तो वह सब सड़क पर बैठ जाएंगे और इसे जाम कर देंगे। इसकी सारी जिम्मेवारी विभाग व ठेेकेदार की होगी। इस ज्ञापन की प्रतियां डीसी मंडी व विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…