गुरुग्राम: प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: प्रदीप सिंह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक, प्रत्येक वार्ड के लिए बनेगी विशेष टीम
-औद्योगिक कचरा खुले में डालने वाली गाडिय़ों पर होगा अधिकतम राशि का चालान
गुरुग्राम, 17 नवंबर (हि.स.)। मानेसर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए नगर निगम मानेसर ने सख्त रूख अपनाया है। एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (सीएक्यूएम) के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने मंगलवार को निगम अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को युद्धस्तर पर काम करते हुए ग्रेप की पाबंदी में निर्माण गतिविधियों, खुले में कूड़ा डालने और कूड़े में आग लगाने जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगानी होगी।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए निगम क्षेत्र में जीरो टॉलरेंस की निती अपनाई जाए। खुले में कचरा डालने, कूड़ा जलाने और निर्माण गतिविधियों के माध्यम से धूल फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण केवल कागजी आदेशों से संभव नहीं है, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों को धरातल पर उतरकर नियमित निगरानी करनी होगी। वे स्वयं निगम क्षेत्र में औचक निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए। बैठक में आयुक्त ने विशेष तौर पर सफाई व्यवस्था और सैनिटेशन विंग की कार्यप्रणाली पर जोर दिया। उन्होंने सहायक सफाई निरीक्षकों को आदेश किए कि वे अपने-अपने वार्डों और गांवों में टीम के साथ प्रतिदिन कम से कम तीन बार गश्त करें। इस दौरान खुले में पड़े कूड़े, कचरे में आग लगाने की घटनाओं और निर्माण मलबे और सडक़ों के किनारे जमा धूल और मिट्टी की स्थिति पर विशेष नजर रखें। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में सफाई या प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित कमी मिलने पर संबंधित सहायक सफाई निरीक्षक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में मलबा, सॉलिड वेस्ट और सडक़ों एवं गलियों के किनारे जमा धूल और रेत की डीप क्लीनिंग करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक कचरे को खुले स्थानों, खाली प्लॉटों और सडक़ों के किनारे डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई वाहन औद्योगिक कचरा खुले में डालता हुआ पकड़ा जाता है तो उसका अधिकतम चालान किया जाए। साथ ही संबंधित वाहन को जब्त करके आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को लिखित में सूचित किया जाए। बैठक में संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, दर्शन यादव, एक्सईएन मंदीप धनखड़, सुशील ठाकरान, वासु बग्गन, निजेश, एसडीओ अनिल मलिक, विकास शर्मा, रविंद्र दहिया, शशिकांत, अमन राठी, संजय बंसल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर