Live VNS

छठ महापर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक- खरीदारी में जुटीं व्रती महिलाएं, आज डूबते सूर्य को देंगी अर्घ्य

छठ महापर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक- खरीदारी में जुटीं व्रती महिलाएं, आज डूबते सूर्य को देंगी अर्घ्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कठुआ, 14 नवंबर (हि.स.)। सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर कठुआ में उत्साह चरम पर है। शनिवार को व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पर्व की तैयारियों के तहत बाजारों का रुख किया और छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली पूजन सामग्री, फल, नारियल, सूप, दउरा तथा अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी की। बाजारों में छठ पर्व को लेकर रौनक देखने को मिली। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आकर कठुआ में रह रहे परिवार पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ पर्व मनाने की तैयारियों में जुटे हैं।

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार 15 नवंबर को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके लिए शहर के बीचोंबीच बहने वाली नहर के किनारे स्थित घाट पर तैयारियां की जा रही हैं। सीटीएम प्रबंधन की ओर से घाट की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि व्रती महिलाओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

सीटीएम के उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रबंधन की ओर से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की जाती है।

गौरतलब है कि छठ पर्व के चार प्रमुख चरण होते हैं। पहले दिन नहाय-खाय और दूसरे दिन खरना के बाद तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य अर्पित कर व्रती महिलाएं पारण करती हैं। इस दौरान श्रद्धालु कठिन निर्जला व्रत रखकर पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…