Live VNS

हिसार: प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, कई एकड़ में फैले परिसर में मची अफरा-तफरी

हिसार: प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, कई एकड़ में फैले परिसर में मची अफरा-तफरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

आदमपुर-बरवाला के बाद हिसार, उकलाना और फतेहाबाद से बुलाई फायर ब्रिगेड

सुबह तक आग बुझाने में जुटी रहीं टीमें

हिसार, 20 नवंबर (हि.स.)। अग्रोहा क्षेत्र के गांव नंगथला स्थित सहारण प्लाईवुड

फैक्ट्री में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर

लिया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही आदमपुर और बरवाला

से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू

नहीं पाया जा सका। इसके बाद हिसार, उकलाना और फतेहाबाद से भी दमकल गाड़ियां बुलानी

पड़ीं। करीब पांच से छह दमकल गाड़ियों की मदद से सुबह तक आग बुझाने के प्रयास जारी

रहे।

जानकारी के अनुसार, गांव नंगथला में कई एकड़ क्षेत्र में सहारण प्लाईवुड फैक्ट्री

स्थापित है। गुरुवार देर रात फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल

पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री में मौजूद लोगों ने जब आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत

फायर विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दमकल गाड़ियां रात करीब तीन बजे मौके पर

पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि शुरुआती प्रयासों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया

जा सका।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अन्य शहरों से भी दमकल गाड़ियां मंगवाई गईं।

पांच से छह दमकल गाड़ियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। आग

की भयावहता को देखते हुए फैक्ट्री में रखे काफी सामान के जलने की आशंका है। हालांकि,

आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का अभी आकलन नहीं हो पाया है। फायर विभाग की टीमें

आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…