Live VNS

महापौर ने परखी डाला छठ और देव दीपावली की तैयारी, रोशनी और सफाई को लेकर दिए सख्त निर्देश

महापौर ने परखी डाला छठ और देव दीपावली की तैयारी, रोशनी और सफाई को लेकर दिए सख्त निर्देश

BK Pathak ·

नमो घाट से सामने घाट और रामनगर पार तक किया निरीक्षण, शास्त्री घाट पर व्यवस्थाएं देखीं

घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश और सीढ़ियों की मरम्मत, नौका संचालन में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के दिए निर्देश

वाराणसी। छठ महापर्व और आगामी देव दीपावली को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ गंगा घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने नाव से नमो घाट से सामने घाट तक और गंगा पार रामनगर के घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। इसके अलावा शास्त्री पुल स्थित शास्त्री घाट का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व और देव दीपावली के दौरान काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और स्थानीय श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग का काम समय से पूरा कराया जाए।

सुरक्षा और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

महापौर ने स्पष्ट कहा कि घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों की नियमित सफाई कराने और पर्व से पहले व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही नावों के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा।

महापौर ने कहा कि छठ और देव दीपावली काशी के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के विभिन्न अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…