Live VNS

महापौर ने भलस्वा लैंडफिल साइट का किया निरीक्षण, अबतक लगभग 1 करोड़ 2 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण

महापौर ने भलस्वा लैंडफिल साइट का किया निरीक्षण, अबतक लगभग 1 करोड़ 2 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर वहां चल रहे बायो माइनिंग एवं कचरे के निस्तारण कार्यों का जायजा लिया।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी कचरे में से एक करोड़ 2 लाख मीट्रिक टन लीगेसी कचरे का निस्तारण कर दिया गया है और अभी भलस्वा लैंडफिल साइट पर लगभग 23-25 लाख मीट्रिक टन लीगेसी कचरा बचा है जिसे तय समय सीमा में निस्तारित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर कचरा निस्तारण के लिए नई एजेंसी से अनुबंध किया गया है और अधिकारियों को कचरा निस्तारण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कचरा निस्तारण कार्य की प्रगति रिपोर्ट की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।

प्रवेश वाही ने बताया कि केंद्र और दिल्ली सरकार के सहयोग से भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी कचरे का निस्तारण कर लगभग 30 प्रतिशत एवं ओखला लैंडफिल साइट पर 60 प्रतिशत भूमि पुनः प्राप्त कर ली गई है जिसके उपयोग की योजनाओं के ऊपर कार्य चल रहा है।

महापौर ने कहा कि नए कचरे के निस्तारण कार्य में भी तेजी लाई जाएगी। कचरे के निस्तारण के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी एवं कचरे के निस्तारण के लिए वज्र नाम की अत्याधुनिक मशीन को भी लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट के कचरे के पहाड़ को तय समय में खत्म कर दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल एवं प्रसन्ना रामा स्वामी, उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त सचिन गुप्ता, बाहरी उत्तर क्षेत्र के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा, प्रमुख अभियंता के.के.शर्मा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…