Live VNS

बुधवारी बाजार में महापौर संजू देवी राजपूत का धरना, निगम कर्मचारियों को हटाने पड़े वाहन

बुधवारी बाजार में महापौर संजू देवी राजपूत का धरना, निगम कर्मचारियों को हटाने पड़े वाहन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोरबा, 14 नवंबर (हि. स.)। बुधवारी बाजार में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब छोटे व्यापारियों की शिकायत पर महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं। सड़क किनारे खड़े नगर निगम के वाहनों को हटाने के निर्देश देने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने पर महापौर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इसके बाद निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले नगर निगम आयुक्त ने बुधवारी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले लोगों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके पालन में निगम कर्मचारी कार्रवाई करने पहुंचे थे, जहां स्थानीय विक्रेताओं और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इस घटनाक्रम के विरोध में निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।

शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर छोटे दुकानदार बुधवारी बाजार में दुकान लगाने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकानों और पसरी के आसपास नगर निगम के वाहन खड़े हैं। वाहनों की वजह से उन्हें व्यवसाय करने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद दुकानदारों ने महापौर संजू देवी राजपूत से शिकायत की।

व्यापारियों की परेशानी की जानकारी मिलते ही महापौर मौके पर पहुंचीं और निगम कर्मचारियों को सड़क किनारे खड़े वाहन हटाने के निर्देश दिए। हालांकि, उनके निर्देशों पर तत्काल अमल नहीं होने से महापौर नाराज हो गईं और सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं।

महापौर के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही निगम अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए सड़क किनारे खड़े नगर निगम के वाहनों को हटवाया। इसके बाद छोटे दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए जगह मिल सकी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…