Live VNS

अस्सी घाट की बदहाली पर मेयर सख्त, शौचालय बंद करने के निर्देश, टीलों की जगह बनेंगी सीढ़ियां

अस्सी घाट की बदहाली पर मेयर सख्त, शौचालय बंद करने के निर्देश, टीलों की जगह बनेंगी सीढ़ियां

BK Pathak ·

देव दीपावली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मेयर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी

ठेकेदार को लगाई फटकार, कहा- दिखावे के बजाय धरातल पर दिखनी चाहिए काम की गुणवत्ता

वाराणसी। देव दीपावली से पहले गंगा घाटों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में नगर निगम जुट गया है। इसी क्रम में मेयर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने अस्सी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान घाट पर स्थित शौचालय की बदहाल स्थिति देखकर मेयर का पारा चढ़ गया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए शौचालय को बंद करने अथवा तत्काल उसकी व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देव दीपावली जैसे बड़े आयोजन से पहले घाटों पर मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने अस्सी घाट पर चल रहे समतलीकरण कार्य की भी पड़ताल की। काम की स्थिति को लेकर उन्होंने ठेकेदार को सख्त हिदायत दी। कहा कि निर्माण कार्य केवल दिखावे के लिए नहीं होना चाहिए। कागजों पर काम पूरा दिखाने या औपचारिकता निभाने के बजाय उसकी गुणवत्ता धरातल पर नजर आनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि घाट का समतलीकरण इस तरह कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में परेशानी न हो।

टीलों को हटाकर बनाई जाएंगी सीढ़ियां

घाट पर जगह-जगह बने मिट्टी के टीलों को देखकर मेयर ने उन्हें हटाने और वहां व्यवस्थित सीढ़ियां बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिया कि घाट की भौगोलिक स्थिति और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य कराया जाए। ऊंचे-नीचे हिस्सों को समतल कर जरूरत के अनुसार सीढ़ियों का निर्माण किया जाए, ताकि लोगों को घाट पर उतरने और चढ़ने में आसानी हो। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने की हिदायत दी।

लगातार घाटों का निरीक्षण करेंगे मेयर

मेयर अशोक तिवारी ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि देव दीपावली की तैयारियों में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घाटों का निरीक्षण केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। वह लगातार अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। जहां भी कमियां मिलेंगी, उन्हें तत्काल दूर कराया जाएगा।

नगर निगम की ओर से देव दीपावली को देखते हुए घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मेयर ने अधिकारियों और ठेकेदारों को दो टूक कहा कि काम की गुणवत्ता सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…