मुरादाबाद दो दिन में 32000 लोगों ने 40 सवालों का जवाब भरकर की स्वगणना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मुरादाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को स्वगणना से हो गई थी। पहले दिन प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों समेत 15 हजार लोगों ने 40 सवालों का जवाब भरकर स्वगणना की। वहीं दूसरे दिन मंगलवार को 17 हजार लोगों ने स्वगणना की। हालांकि दूसरे दिन भी पोर्टल में तकनीकी अड़चन भी आई। जनगणना के पहले चरण में घरों की गणना में करीब दो लाख लोगों ने स्वयं अपना विवरण भरा था।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली स्वगणना प्रक्रिया के लिए जिले में 80 टीमें लगाई गई हैं। ये टीमें लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित कर रही हैं। पहले दिन सोमवार को टीमों ने राजस्व विभाग और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कराई।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता ने आगे बताया कि पहले व दूसरे दिन पोर्टल में कुछ तकनीकी दिक्कतें आईं। इसके बावजूद 32 हजार लोगों ने स्वगणना किया है। आगे ये संख्या और बढ़ेगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल