Live VNS

अंकुश नारंग बोले- सरकार की अपनी इमारत में ही बंद पड़ी है एंटी स्मॉग गन

अंकुश नारंग बोले- सरकार की अपनी इमारत में ही बंद पड़ी है एंटी स्मॉग गन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और एंटी स्मॉग गन के बंद पड़े होने को लेकर दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण से निपटने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि सरकार की अपनी इमारत में लगी एंटी स्मॉग गन तक काम नहीं कर रही है।

अंकुश नारंग शुक्रवार शाम दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर पहुंचे वहां से स्मॉग की चादर में लिपटी दिल्ली का नजारा दिखाते हुए कहा कि सिविक सेंटर के ठीक सामने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन है और राजधानी के चारों तरफ प्रदूषण का घना असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हवा बेहद जहरीली हो चुकी है और लोग सांस लेने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अंकुश नारंग ने बताया कि गुरुवार शाम 5:41 बजे एमसीडी मुख्यालय पर 546 एक्यूआई दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार दिल्ली में जगह-जगह एंटी स्मॉग गन लगवाने और उनके बेहतर तरीके से काम करने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन बंद पड़ी है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एंटी स्मॉग गन के उद्घाटन का दिखावा किया जाता है, लेकिन जब प्रदूषण से राहत देने की बात आती है तो मशीनें बंद मिलती हैं। सरकार दिल्ली की जनता को सिर्फ भ्रमित कर रही है। राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।

नारंग ने कहा कि आखिर दिल्ली की जनता को कब तक झूठे दावों के सहारे रखा जाएगा? सरकार को जवाब देना चाहिए कि जब उसकी अपनी इमारत में एंटी स्मॉग गन काम नहीं कर रही है तो पूरी दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के उसके दावों की क्या हकीकत है। उन्होंने मांग की कि बंद पड़ी सभी एंटी स्मॉग गनों को तत्काल चालू किया जाए और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि सरकार दिल्लीवासियों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही है। प्रदूषण के कारण लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन सरकार को जनता की सेहत और सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…